UP में मानसून का रौद्र रूप! लखनऊ समेत 28 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने की भी चेतावनी

उत्तर प्रदेश में मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं. मौसम विभाग ने आज 28 जिलों में भारी बारिश और 55 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई है. अगले तीन दिनों में तापमान में 4 से 6 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है.

ANI
Shanu Sharma

उत्तर प्रदेश में मौसम सुहाना हो गया है. राज्य के कई हिस्सों में गुरुवार को हुई बारिश ने लोगों को उमस से राहत दी है. आगरा में सबसे अधिक 66 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. बारिश के बाद कई इलाकों में तापमान नीचे आया और मौसम सुहावना हो गया.

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब अवदाब में बदल चुका है. इसके अलावा हरियाणा के फिरोजपुर से लेकर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर और बहराइच होते हुए बिहार के डिहरी-ऑन-सोन तक मानसून की ट्रफ बनी हुई है. इन मौसमी परिस्थितियों के कारण प्रदेश में बारिश का दौर आगे भी जारी रहने की संभावना है.

आज इन जिलों में बारिश की चेतावनी

आज बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और महोबा समेत अन्य कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.


17 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 17 अगस्त तक मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रह सकती हैं. ऐसे में 15 अगस्त को भी प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है. कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. व्यापक बारिश के चलते अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है. जिसकी वजह से लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिलेगी.

इन जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग की ओर से न केवल बारिश बल्कि उसके कई जिलों में तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है. इनमें प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, गोंडा, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बरेली, मुरादाबाद, झांसी, महोबा, ललितपुर समेत कई जिले शामिल हैं. खराब मौसम के दौरान लोगों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है. साथ ही घर से बाहर निकलने से पहले अपने जिले के मौसम की स्थिति जरूर जांच लें.