ऐतिहासिक पल...! AMU में पहली बार लगे 'हर-हर महादेव, जय श्री राम' के नारे, मंत्री ने कहा- सभी के लिए सौभाग्य का विषय

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) का कैनेडी ऑडिटोरियम इन दिनों एक विशेष कार्यक्रम को लेकर चर्चा के केंद्र में है. उद्यान विभाग की ओर से केंद्र सरकार के 12 साल और उत्तर प्रदेश सरकार के 9 साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंडलीय औद्यानिक उन्नयन गोष्ठी का आयोजन किया गया था.

X
Meenu Singh

लखनऊ: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) का कैनेडी ऑडिटोरियम इन दिनों एक विशेष कार्यक्रम को लेकर चर्चा के केंद्र में है. आमतौर पर शैक्षणिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए पहचाने जाने वाले इस प्रतिष्ठित सभागार में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम ने कैंपस के भीतर और सोशल मीडिया पर व्यापक बहस को जन्म दे दिया. कार्यक्रम के दौरान लगे नारों, दिए गए भाषणों और उसके बाद सामने आई प्रतिक्रियाओं ने इस आयोजन को सुर्खियों में ला दिया है.

दरअसल, उद्यान विभाग की ओर से केंद्र सरकार के 12 साल और उत्तर प्रदेश सरकार के 9 साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंडलीय औद्यानिक उन्नयन गोष्ठी का आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम में अलीगढ़, आगरा और मेरठ मंडलों से आए प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया. मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार में उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह मौजूद रहे.

कार्यक्रम में दिए गए विशेष संबोधन

अपने संबोधन के दौरान मंत्री ने विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि एएमयू परिसर में इस प्रकार का आयोजन अपने आप में महत्वपूर्ण है. उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न विकास परियोजनाओं और सरकारी पहलों का भी जिक्र किया. उनके भाषण के दौरान AMU के कैनेडी ऑडिटोरियम इतिहास में पहली बार जय श्रीराम, हर-हर महादेव और भारत मात की जय के जयकारों से गूंज उठा. 


सोशल मीडिया पर बढ़ी चर्चा

कार्यक्रम के बाद इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किए गए. कई लोगों ने इसे एक ऐतिहासिक आयोजन बताया. इसी वजह से अब ये आयोजन कैंपस के बाहर भी चर्चा में बना हुआ है.

लगा हर-हर महादेव का जयकारा

मंत्री ने कहा कि आजादी के बाद से AMU के अंदर कोई जनसभा नहीं हुई.  उन्होंने आगे कहा कि एएमयू में प्रदेश सरकार के 100 विकास कार्यों का उद्घाटन पहले कभी किसी नेता को करते नहीं देखा होगा. इसके बाद मंत्री ने अपने संबोधन को खत्म करने के बाद जय श्रीराम और नमो पार्वती नमः और हर-हर महादेव के जयकारे लगाया. इसके  साथ उन्होंने अपना भाषण खत्म किया. 

बिजली कटौती ने भी खींचा ध्यान

गोष्ठी के दौरान एक और मुद्दा चर्चा में रहा. मंत्री के संबोधन के समय ऑडिटोरियम में कई बार बिजली आपूर्ति बाधित हुई. जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान बार बार बिजली जाने से कुछ गतिविधियां प्रभावित हुईं और किसानों के सम्मान समारोह का एक हिस्सा भी सीमित रोशनी में आयोजित करना पड़ा. इससे आयोजन व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे.