मोबाइल टावर पर 'शोले' जैसा हाई-वोल्टेज ड्रामा, प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ा युवक; पुलिस के छूटे पसीने
मथुरा के कोसीकलां में एक प्रेमी अपनी पत्नी को बुलाने की मांग पर मोबाइल टावर पर चढ़ गया. सात साल के प्रेम और कोर्ट मैरिज के दावों के बीच पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित उतारा.
मथुरा: प्रेम-प्रसंग के चलते सोमवार सुबह कोसीकलां रेलवे स्टेशन के पास एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. टावर पर युवक को चढ़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और मौके पर तमाशबीनों का जमावड़ा लग गया. सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए.
जानकारी के अनुसार कोसीकलां के गोपाल बाग निवासी आकाश नाम का युवक प्राइवेट नौकरी करता है. सोमवार सुबह करीब नौ बजे वह रेलवे स्टेशन के पास लगे एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से जोर-जोर से चिल्लाने लगा. युवक की इस हरकत को देखकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और मामले की सूचना पुलिस को दी गई.
टावर पर चढ़े युवक का कहना है कि उसका पिछले सात वर्षों से एक युवती के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा है. युवक का दावा है कि उसने युवती से कोर्ट मैरिज भी कर ली है, लेकिन युवती के परिजन उसे उसके साथ भेजने के लिए तैयार नहीं हैं. इसी बात से नाराज होकर युवक टावर पर चढ़ गया और युवती को मौके पर बुलाने की मांग करने लगा.
पुलिस ने की समझाने की कोशिश, जिद पर अड़ा रहा युवक
सूचना मिलने पर कोसीकलां थाना प्रभारी राजकमल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने युवक को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ. बाद में युवक की मां और बहन को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन युवक टावर पर ही बैठा रहा.
घंटो चली मशक्कत, पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अग्निशमन विभाग को भी बुला लिया. एहतियात के तौर पर टावर के नीचे गद्दे बिछवाए गए और सुरक्षा के लिए जाल लगाने की तैयारी की गई, ताकि किसी अनहोनी की स्थिति में युवक को सुरक्षित बचाया जा सके. पुलिस लगातार युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की . कई घंटों की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित उतारा गया.
और पढ़ें
- 100 की रफ्तार में बुलेट पर स्टंट, वीडियो में देखें कैसे लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क के पास हुई नाबालिग की दर्दनाक मौत
- दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर खौफनाक हादसा! ईंटों से भरी ट्रॉली में घुसी कार, 4 दोस्तों की मौके पर हुई मौत; एक की हालत नाजुक
- 'सबको माफ करके जाओ...', वीडियो में कौन है वह बहन जिन्होंने हरीश राणा से आखिरी विदाई के समय कही ये बात? जानें