menu-icon
India Daily

नोएडा की हाईराइज सोसाइटी में AC धमाके के बाद भीषण आग! 21वीं मंजिल से उठता धुंआ देख दहशत में आए लोग

नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी की 21वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में एयर कंडीशनर यूनिट में कथित धमाके के बाद भीषण आग लग गई. आग ने देखते ही देखते दो फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
नोएडा की हाईराइज सोसाइटी में AC धमाके के बाद भीषण आग! 21वीं मंजिल से उठता धुंआ देख दहशत में आए लोग
Courtesy: X (@raviraj_017)

उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित सेक्टर-119 की अरण्य सोसाइटी में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ऊंची रिहायशी इमारत की 21वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में एयर कंडीशनर यूनिट में कथित धमाके के बाद भीषण आग लग गई. कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के फ्लैटों तक फैल गई.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले 21वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी और तेजी से फैलते हुए कम से कम दो फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया. आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ-साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया. ऊंची इमारत होने के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में विशेष सावधानी बरतनी पड़ी.

घना धुआं देखकर घरों से बाहर निकले लोग

आग की लपटों और आसमान में उठते काले धुएं को देखकर सोसाइटी के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. कई निवासियों ने सुरक्षित स्थानों पर पहुंचकर राहत की सांस ली. स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया तथा लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की.

अधिकारियों के अनुसार आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. शुरुआती आशंका एयर कंडीशनर यूनिट में तकनीकी खराबी या विस्फोट की जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी. राहत की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई थी.

आग लगने की कई घटनाएं

नोएडा की यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब हाल के दिनों में आग लगने की कई गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं. 22 जून को लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में स्थित तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में भीषण आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि नौ लोग घायल हुए थे. मृतकों में बड़ी संख्या उन छात्रों की थी, जो इमारत की दूसरी मंजिल पर संचालित एक एनिमेशन सेंटर में कक्षाएं ले रहे थे और आग लगने के दौरान वहीं फंस गए थे.

इसी बीच सोमवार तड़के उत्तर-पश्चिम दिल्ली के केशव पुरम इलाके की एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भी आग लगने की घटना सामने आई. आग इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लगे 24 बिजली मीटरों तक सीमित रही. दमकल विभाग ने समय रहते कार्रवाई करते हुए छत पर फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.