menu-icon
India Daily

पंचर लगाने से मना करने पर युवक को बेरहमी से पीटा, दबंगों ने बाइक चढ़ाकर किया घायल

मने आया है, जहां पंचर की दुकान पर काम करने वाले एक युवक को देर रात पंचर लगाने से मना करना भारी पड़ गया। आरोप है कि दबंगों ने पहले युवक के साथ जमकर मारपीट की और फिर घायल अवस्था में उसके ऊपर बाइक चढ़ाकर फरार हो गए।

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
Prem Kaushik
Reported By: Prem Kaushik
पंचर लगाने से मना करने पर युवक को बेरहमी से पीटा, दबंगों ने बाइक चढ़ाकर किया घायल
Courtesy: @premkaushik

जनपद में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पंचर की दुकान पर काम करने वाले एक युवक को देर रात पंचर लगाने से मना करना भारी पड़ गया। आरोप है कि दबंगों ने पहले युवक के साथ जमकर मारपीट की और फिर घायल अवस्था में उसके ऊपर बाइक चढ़ाकर फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड स्थित वृंदावन कट के पास की है। जानकारी के अनुसार राया कस्बा निवासी आजम की यहां पंचर की दुकान है, जहां मथुरा के थाना गोविंद नगर क्षेत्र स्थित राधेश्याम कॉलोनी निवासी अमन काम करता है। बताया गया कि 11 अप्रैल की रात करीब ढाई बजे कुछ युवक दुकान पर पहुंचे और अमन से मांट रोड पर सरदारगढ़ गांव के पास खड़ी उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी का पंचर ठीक करने के लिए मौके पर चलने को कहा।

देर रात होने और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अमन ने मौके पर जाने से इनकार कर दिया। बस इसी बात से युवक आगबबूला हो गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब अमन ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे जबरन दुकान से बाहर खींच लिया और सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दबंगों ने अमन को तब तक पीटा, जब तक वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर नहीं पड़ा। इसके बाद भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। आरोप है कि उन्होंने अमन के ऊपर बाइक चढ़ा दी और मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग भय के कारण हस्तक्षेप नहीं कर सके।

पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कुछ युवक अमन के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे हैं और बाद में उसे घायल हालत में छोड़कर फरार हो जाते हैं। इस दौरान पास में मौजूद एक अन्य व्यक्ति भी खौफ के कारण मदद के लिए आगे नहीं आया।

घटना के बाद घायल अमन को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उधर, घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान अंकित पुत्र जगवीर, मनीष पुत्र भूरा, राघवेंद्र, तरुण और चिराग के रूप में हुई है। सभी आरोपी थाना राया क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं।

इस मामले में थाना जमुनापार पुलिस ने दुकान मालिक आजम की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर पीतम पाल सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल किया गया है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।