IPL 2026

UP के हमीरपुर में बड़ा हादसा! तेज आंधी में गिर गया निर्माणाधीन पुल, 5 लोगों की मौत और कई घायल

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आ रही है. आज यानी शुक्रवार को तेज आंधी में बेतवा नदी पर बन रहे एक पुल का हिस्सा अचानक ढह गया. इस घटना में 5 लोगों की मौत हो गई, वहीं कई लोग घायल हो गए.

X (@Rraja_pal)
Shanu Sharma

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार को एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में पांच मजदूरों की मौत हो गई, वहीं कई अन्य लोग घायल हो गए. मिल रही जानकारी के मुताबिक मलबे के नीचे और कई लोगों के फंसे होने की संभावना है. घटना स्थल पर बचाव और राहत कार्य चलाए जा रहे हैं.

अधिकारियों ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कुरारा पुलिस थाने के क्षेत्र में कंदौर-मोराकंदर पुल का निर्माण कार्य चल रहा था. तेज हवाओं के साथ आए तूफान ने पुल का स्लैब, खंभा और मचान का पूरा ढांचा गिरा दिया. हादसा उस समय हुआ जब निर्माण स्थल पर कई मजदूर काम कर रहे थे. जिसके कारण कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए.

पुलिस ने दी घटना की जानकारी

शुरुआती में मिली रिपोर्टों के मुताबिक 5 लोगों की मौत हो गई. स्थानीय प्रशासन ने आशंका जताई है कि मलबे में और भी लोग फंसे हो सकते हैं. मलबा हटाने की प्रक्रिया तेज गति से चल रही है. घटना की सूचना मिलते उप-विभागीय मजिस्ट्रेट, सर्किल अधिकारी और संबंधित थानों के पुलिस अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे हैं. राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की विशेष टीमें भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गई हैं. प्रशासनिक टीम मलबा हटाने, घायलों को निकालने और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में लगी हुई है. मलबे से निकाले गए घायल मजदूरों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनकी इलाज की जा रही है.

घटना की जांच में जुटी पुलिस

बेतवा नदी पर बनाए जा रहे इस पुल को यातायात और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बनाया जा रहा था. इसी बीच अचानक आई तेज हवा और खराब मौसम में पुल ढह गया और वहां काम कर रहे मजदूर दब गए. जिला प्रशासन की ओर मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं. यह स्पष्ट किया जाएगा कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं. मजदूरों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जाएगी. मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी घटना पर नजर रखी हुई है. उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं. मृतकों के परिवार में शोक का माहौल है.