लखनऊ में सीवर मैनहोल से बिजली केबल हटाने का बड़ा फैसला, CM योगी के निर्देश पर काम शुरू
CM योगी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सीवर मैनहोलों के बीच से बिजली केबल निकालकर उन्हें सुरक्षित जगह पर शिफ्ट किया जाए. शहर में कुल 71 ऐसे मैनहोल चिन्हित किए गए हैं, जहां से बिजली के केबल गुजर रहे हैं.
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहर की सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं. उन्होंने लखनऊ में सीवर लाइन के मैनहोलों से गुजर रहे बिजली के केबलों को तुरंत हटाने का आदेश दिया है.
सीवर मैनहोल से बिजली केबल हटाने का बड़ा फैसला
रविवार को हुई समीक्षा बैठक में CM योगी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सीवर मैनहोलों के बीच से बिजली केबल निकालकर उन्हें सुरक्षित जगह पर शिफ्ट किया जाए. शहर में कुल 71 ऐसे मैनहोल चिन्हित किए गए हैं, जहां से बिजली के केबल गुजर रहे हैं. इन केबलों को हटाने से सफाई कर्मचारियों को बिना किसी खतरे के काम करने का मौका मिलेगा.
दरअसल पिछले कुछ वर्षों में बिजली विभाग के ठेकेदारों ने भूमिगत केबल बिछाते समय मनमानी की थी. कई जगहों पर केबल सीधे सीवर लाइन के मैनहोल के अंदर से गुजारे गए थे. जलकल विभाग ने इसकी जांच कर रिपोर्ट तैयार की थी, जिसमें इन 71 जगहों का जिक्र है. कुछ प्रभावित इलाके इस प्रकार हैं:-
Also Read
अशोक मार्ग पर श्रीराम टावर
मौलवीगंज
भूसामंडी हाथी खाना
छितवापुर पुलिस चौकी के पास
गणेशगंज, वसीरतगंज, सुंदरबाग
राजाजीपुरम, मालवीय नगर, सपना कॉलोनी आदि
क्यों है यह जरूरी?
सीवर लाइन में मीथेन गैस बनती है, जो बेहद ज्वलनशील होती है. अगर बिजली के केबल में फॉल्ट हुआ तो स्पार्क से गैस में आग लग सकती है या विस्फोट भी हो सकता है. इससे सफाई करने वाले कर्मचारियों की जान को खतरा रहता है. CM योगी की संवेदनशीलता के कारण अब इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा रहा है.