Commonwealth Games 2026

लखनऊ ने रचा नया कीर्तिमान! रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन में देशभर में हासिल किया पहला स्थान

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत लखनऊ रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन में देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है. उत्तर प्रदेश के 17 जिले राष्ट्रीय टॉप-100 रैंकिंग में शामिल हुए हैं.

@airnewsalerts
Sagar Bhardwaj

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर ऊर्जा के विस्तार में प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के शीर्ष 100 जिलों में अपने 17 जनपदों को शामिल कराया है. यह उपलब्धि राज्य में सौर ऊर्जा के तेजी से बढ़ते प्रसार और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में हो रहे प्रयासों का प्रमाण मानी जा रही है.

लखनऊ देश में नंबर-1

यूपी नेडा के निदेशक रविंद्र सिंह ने बताया कि राजधानी लखनऊ लगातार देश का नंबर-1 जिला बना हुआ है. यहां अब तक 1,24,167 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जो देश में सबसे अधिक हैं.

वहीं प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी ने 48,829 संयंत्रों के साथ देश में 10वां स्थान प्राप्त किया है. औद्योगिक नगरी कानपुर नगर 43,289 संयंत्रों के साथ 14वें स्थान पर है. इस तरह देश के शीर्ष 15 जिलों में उत्तर प्रदेश के तीन जिले शामिल हैं.


शीर्ष 100 में यूपी के जिले

राष्ट्रीय रैंकिंग में बरेली (24वां), आगरा (29वां), प्रयागराज (37वां), झांसी (51वां), रायबरेली (56वां), गोरखपुर (70वां), सहारनपुर (73वां), मुजफ्फरनगर (75वां), मेरठ (78वां), बाराबंकी (79वां), अलीगढ़ (81वां), शाहजहांपुर (86वां), सीतापुर (88वां) और उन्नाव (90वां) भी शीर्ष 100 जिलों में शामिल हैं.

ऐसे मिली योजना को रफ्तार

अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने, समयबद्ध स्वीकृति, डिस्कॉम और संबंधित एजेंसियों के बेहतर समन्वय तथा सब्सिडी वितरण की प्रभावी व्यवस्था से प्रदेश में रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना तेजी से बढ़ी है.

इससे उपभोक्ताओं को बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत हो रही है, वहीं अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर आर्थिक लाभ भी मिल रहा है. साथ ही कार्बन उत्सर्जन में कमी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है.

सबसे बड़ा हरित ऊर्जा केंद्र

प्रदेश सरकार का मानना है कि जिस गति से उत्तर प्रदेश में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित हो रहे हैं, उससे आने वाले वर्षों में राज्य देश का सबसे बड़ा हरित ऊर्जा केंद्र बन सकता है. शीर्ष 100 जिलों में 17 जिलों की मौजूदगी और लखनऊ का लगातार नंबर-1 स्थान इस दिशा में उत्तर प्रदेश की मजबूत बढ़त को दर्शाता है.