menu-icon
India Daily

लखनऊ अग्निकांड की खबर सुन CM योगी ने बीच में छोड़ा दौरा, सीधे अस्पताल पहुंचे; फायर अफसरों को लगाई फोन पर फटकार

लखनऊ अग्निकांड की खबर मिलते ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ दौरा बीच में छोड़ दिया. वह घटनास्थल पहुंचे और केजीएमयू में भर्ती घायलों से मिले.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
लखनऊ अग्निकांड की खबर सुन CM योगी ने बीच में छोड़ा दौरा, सीधे अस्पताल पहुंचे; फायर अफसरों को लगाई फोन पर फटकार
Courtesy: X

सोमवार शाम अलीगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान जैसे ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लखनऊ के भीषण अग्निकांड की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत अपना पूरा कार्यक्रम रद्द कर दिया और राजधानी के लिए रवाना हो गए. लखनऊ पहुंचते ही उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और अस्पताल में घायलों से भी मुलाकात की.

अलीगढ़ से सीधे लखनऊ पहुंचे योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ में एक लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल थे. इसी दौरान उन्हें लखनऊ के अलीगंज में एनिमेशन सेंटर में लगी भीषण आग और बच्चों की मौत की खबर मिली. खबर सुनते ही उन्होंने मंच से ही कहा कि उनका मन यहां रुकने का था लेकिन लखनऊ में हुई इस दुखद घटना के कारण उन्हें तुरंत वापस जाना होगा. कार्यक्रम अधूरा छोड़कर वे सीधे लखनऊ रवाना हो गए और पहुंचते ही हादसे वाली जगह का खुद जायजा लिया, ताकि राहत और बचाव कार्य की सही स्थिति का पता चल सके.

फायर अफसरों को लगाई फटकार

लखनऊ पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री केजीएमयू अस्पताल गए. वहां भर्ती घायल बच्चों से मिलकर उनका हालचाल जाना. इसके साथ ही उन्होंने फोन पर फायर विभाग के अफसरों को कड़ी फटकार लगाई और इस लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की. सीएम ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि इस हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार हो, उसे किसी भी हाल में बख्शा न जाए और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए.

जिम्मेदारों को नहीं बख्शा जाएगा

सीएम योगी ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि यह हादसा किसी की लापरवाही का नतीजा है और इसकी पूरी जांच होनी चाहिए. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पहले से ही मौके पर मौजूद थे और उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे चुके थे. प्रमुख सचिव गृह और डीजीपी को पहले ही तलब किया जा चुका था. सीएम के पहुंचने के बाद राहत कार्य और तेज हो गया और प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया.