लखनऊ में सजेगा सिनेमा और AI का महाकुंभ, 23-24 अक्टूबर को होगा फिल्म फेस्टिवल का भव्य आयोजन

लखनऊ में 23 और 24 अक्टूबर को लखनऊ फिल्म फेस्टिवल सीजन 4 और इमैजिनेरियम 2026 का आयोजन होगा. गोमती नगर स्थित SRS सिनेमा में होने वाले इस दो दिवसीय महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय फिल्में, एआई हैकाथॉन, एनीमेशन, गेमिंग और डिजिटल स्टोरीटेलिंग प्रमुख आकर्षण होंगे.

India daily
Km Jaya

लखनऊ: नवाबों की नगरी लखनऊ में 23 और 24 अक्टूबर को सिनेमा, आधुनिक तकनीक और रचनात्मकता का अनोखा संगम देखने को मिलेगा. अमरेन फाउंडेशन की पहल लखनऊ फिल्म फोरम की ओर से लखनऊ फिल्म फेस्टिवल सीजन 4 और इमैजिनेरियम 2026 का आयोजन SRS सिनेमा, द सिटी मॉल, गोमती नगर में किया जाएगा. दो दिवसीय इस महोत्सव में देश-विदेश के फिल्मकारों, रचनात्मक विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और युवा प्रतिभाओं को एक मंच पर लाया जाएगा.

इस साल फिल्म फेस्टिवल की केंद्रीय थीम 'फ्रेमिंग ह्यूमैनिटी-खामोशी और अराजकता के बीच जन्म लेती हैं कहानियां' रखी गई है. महोत्सव में मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक बदलाव और कहानियों की ताकत को सिनेमा के जरिए सामने लाने पर जोर दिया जाएगा. उत्तर प्रदेश पर्यटन के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम प्रदेश में फिल्म, मीडिया, मनोरंजन और रचनात्मक तकनीक की संभावनाओं को बढ़ावा देने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है.

रेणुका टंडन ने क्या बताया?

अमरेन फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष और महोत्सव निदेशक रेणुका टंडन के मुताबिक, आयोजन का उद्देश्य सिर्फ फिल्में दिखाना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में मजबूत क्रिएटिव इकोसिस्टम तैयार करना है. इसके तहत फिल्म निर्माण, शिक्षा, तकनीक, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को एक-दूसरे से जोड़ने की कोशिश की जाएगी. स्थानीय कहानियों और प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने पर भी जोर रहेगा.


एआई, एनीमेशन और गेमिंग होंगे आकर्षण

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण इमैजिनेरियम 2026 होगा. यह खंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एनीमेशन, गेमिंग और डिजिटल स्टोरीटेलिंग पर केंद्रित रहेगा. युवाओं को तकनीक के नए प्रयोगों, नवाचार और उभरते करियर विकल्पों के बारे में जानकारी दी जाएगी.

लखनऊ म्यूजियम ऑफ हेरिटेज एंड आर्ट के साथ साझेदारी के तहत छह महीने तक साप्ताहिक फिल्म स्क्रीनिंग, परिचर्चाएं और कलात्मक संवाद आयोजित किए जाएंगे. वहीं BBD के सहयोग से एआई हैकाथॉन आयोजित होगा, जिसमें युवा एआई के रचनात्मक और व्यावहारिक इस्तेमाल को समझेंगे.

पोलिश फिल्मों से लेकर गेमिंग तक

तहजीब खुराना द्वारा क्यूरेट किए गए विशेष खंड में पोलिश एनीमेशन फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी. इसके बाद पोलैंड से जुड़े दो प्रतिष्ठित निर्देशकों के साथ लाइव प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया जाएगा.

राजेश भाटिया द्वारा क्यूरेट किए गए एआई हैकाथॉन और मास्टरक्लास में युवा इनोवेटर्स एआई की रचनात्मक संभावनाओं और भविष्य के करियर विकल्पों पर चर्चा करेंगे. वैभव कुमारेश की फिल्म 'रिटर्न ऑफ द जंगल' के निर्माण पर भी विशेष मास्टरक्लास होगी. इसके अलावा किरीत खुराना के संचालन में हुजैफा और लक्ष्मी राघवा कनोलकर की भागीदारी के साथ गेमिंग पर पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी.

'पारो' से होगा महोत्सव का समापन

फिल्म फेस्टिवल का समापन 'पारो' फिल्म की स्क्रीनिंग से होगा. फिल्म वैवाहिक दासता जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दे को सामने रखती है और दर्शकों को सामाजिक वास्तविकताओं पर विचार करने के लिए प्रेरित करेगी.

23 अक्टूबर को उद्घाटन समारोह, अंतरराष्ट्रीय फिल्मों और महिला निर्देशकों की फिल्मों की स्क्रीनिंग, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और पुरस्कार वितरण होगा. 24 अक्टूबर को एआई हैकाथॉन, अंतरराष्ट्रीय एनीमेशन फिल्मों की स्क्रीनिंग, गेमिंग और डिजिटल मीडिया पर मास्टरक्लास तथा समापन फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा.

महोत्सव में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान, प्रो. रीता बहुगुणा जोशी, अमृत अभिजात, नवनीत सहगल, न्यायाधीश संजय मिश्रा और संतोष ओझा सहित कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति प्रस्तावित है. आयोजकों का कहना है कि यह महोत्सव लखनऊ की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक सिनेमा, आधुनिक तकनीक और युवा रचनात्मकता से जोड़ने का काम करेगा.