लखनऊ में इकाना स्टेडियम के आसपास बदला गया ट्रैफिक, इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के मुकाबलों के कारण शुक्रवार दोपहर तीन बजे से मैच खत्म होने तक कई प्रमुख रास्तों पर यातायात बदला रहेगा. वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने होंगे.
लखनऊ: यूपी टी-20 लीग-2026 के आगाज के साथ लखनऊ में ट्रैफिक व्यवस्था भी बदलने जा रही है. इकाना स्टेडियम के आसपास भारी वाहनों, बसों और कुछ अन्य वाहनों के लिए रास्ते प्रतिबंधित रहेंगे. ट्रैफिक पुलिस ने कई वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं, ताकि मैच के दौरान यातायात सुचारु रखा जा सके.
इकाना के आसपास बदलेगा ट्रैफिक प्लान
शुक्रवार को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग शुरू होगी. इसके चलते दोपहर तीन बजे से मैच समाप्त होने तक स्टेडियम और शहीद पथ के आसपास यातायात व्यवस्था लागू रहेगी. कमता, अहिमामऊ, हुसड़िया, लालबत्ती, उतरेठिया और अमूल तिराहा समेत कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी. बड़े वाहन और बसें कई प्रमुख रास्तों से सीधे नहीं गुजर सकेंगी.
शहीद पथ पर इन रास्तों से जाना होगा
कमता शहीद पथ तिराहा और कानपुर रोड तिराहे से कुछ दिशाओं में जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा. ऐसे वाहन किसान पथ, तेलीबाग, बाराबिरवा, करियप्पा चौराहा और 1090 चौराहा जैसे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर सकेंगे. अहिमामऊ चौराहे पर भी यू-टर्न पर रोक रहेगी. कानपुर की ओर जाने वाले वाहन शहीद पथ पर आगे बढ़ सकेंगे, जबकि मेदांता अस्पताल से यू-टर्न लेकर अन्य क्षेत्रों में जाने की व्यवस्था बताई गई है.
Also Read
बड़े वाहनों के लिए खास इंतजाम
गोसाईगंज और अमूल डेयरी कटिंग से अहिमामऊ की ओर जाने वाले बड़े वाहन, बस और कमर्शियल वाहनों को वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जाएगा. उन्हें वृंदावन योजना, कबीरपुर और किसान पथ का इस्तेमाल करना होगा. उतरेठिया अंडरपास से शहीद पथ की ओर जाने वाले बड़े वाहनों पर भी रोक रहेगी. लालबत्ती चौराहे से आने वाले भारी वाहन करियप्पा, तेलीबाग, बंगला बाजार और बाराबिरवा के रास्ते आगे जा सकेंगे.
जरूरी वाहनों को मिलेगी छूट
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, एंबुलेंस, फायर सर्विस, शव वाहन और स्कूली वाहनों जैसे जरूरी वाहनों को परिस्थितियों के अनुसार प्रतिबंधित रास्तों से गुजरने की अनुमति दी जा सकती है. इसके लिए स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस से संपर्क करना होगा. यातायात संबंधी सहायता के लिए कंट्रोल रूम के नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है. पुलिस ने मैच देखने आने वाले लोगों से समय से निकलने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है.