झांसी: गैस की किल्लत के बीच 524 सिलेंडरों से भरा ट्रक पार, हाईवे पर मिला खाली वाहन

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण गैस आपूर्ति बाधित है. इसी बीच झांसी में रसोई गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक चोरी होने से हड़कंप मच गया है. पुलिस 524 गायब सिलेंडरों की तलाश कर रही है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

झांसी: वैश्विक स्तर पर ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव ने पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति पर संकट खड़ा कर दिया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल और गैस की कमी के बीच उत्तर प्रदेश के झांसी में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां बदमाशों ने रसोई गैस सिलेंडरों से लदे एक ट्रक को निशाना बनाया और लाखों रुपये की कीमत के भरे हुए सिलेंडर उड़ा लिए. इस घटना ने न केवल पुलिस प्रशासन बल्कि आम जनता की चिंता भी बढ़ा दी है.

झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में करीब 18 लाख रुपये मूल्य के 524 भरे हुए एलपीजी सिलेंडरों की चोरी ने सनसनी फैला दी है. ट्रक मालिक नीरज अग्रवाल की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी जयप्रकाश चौबे ने बताया कि पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो गायब सिलेंडरों और चोरों की तलाश में जुटी हैं. इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके.

घटनाक्रम और ट्रक मालिक का पक्ष 

ट्रक मालिक के अनुसार उनका वाहन करारी स्थित भारत पेट्रोलियम के प्लांट से जुड़ा है. 2 मार्च को ट्रक में 524 सिलेंडर लोड किए गए थे. जिन्हें कानपुर देहात के गजनेर पहुंचाना था. होली के त्यौहार के कारण चालक राजकुमार ट्रक को प्लांट के बाहर खड़ा कर घर चला गया था, लेकिन 6 मार्च को सूचना मिली कि ट्रक बड़ागांव क्षेत्र में लावारिस खड़ा है. मौके पर पहुंचने पर पता चला कि सभी सिलेंडर गायब थे और चालक का कहीं पता नहीं था.

जीपीएस तोड़कर वारदात को अंजाम 

शातिर चोरों ने वारदात के दौरान तकनीक को भी मात देने की कोशिश की. ट्रक से सिलेंडर चोरी करने के साथ ही उन्होंने वाहन का जीपीएस सिस्टम भी तोड़ दिया था ताकि उनकी लोकेशन का पता न चल सके. जब ट्रक बरामद हुआ तो वह पूरी तरह खाली था. पुलिस का मानना है कि इस वारदात के पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ हो सकता है, जिसे गैस प्लांट और रूट के कामकाज की पूरी जानकारी थी. फिलहाल पुलिस जांच कर रही है.

ऊर्जा संकट और आपूर्ति की चिंता 

यह चोरी ऐसे समय में हुई है जब विदेशों से कम आपूर्ति के कारण केंद्र सरकार ने पहले ही कमर्शियल एलपीजी के इस्तेमाल पर नियंत्रण लगा दिया है. पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के चलते सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हुई है. भारत समेत कई एशियाई देशों में गैस और तेल की किल्लत बढ़ रही है. ऐसे नाजुक समय में गैस की इतनी बड़ी खेप का चोरी होना घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है और बाजार में कालाबाजारी बढ़ने का डर है.

आरोपियों की तलाश और जांच 

फिलहाल पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक से भी पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. सरकार का ध्यान इस समय घरेलू उपभोक्ताओं को पर्याप्त गैस पहुंचाने पर है. लेकिन इस तरह की अपराधिक घटनाएं आपूर्ति श्रृंखला में बाधा डाल रही हैं. झांसी पुलिस अब स्थानीय संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.