लखीमपुर खीरी में हाईवे पर ट्रक ने उड़ाए टाटा मैजिक के परखच्चे, 9 लोगों की मौत; CM योगी ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में नेशनल हाईवे 730 पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. तेज रफ्तार ट्रक और टाटा मैजिक की आमने सामने हुई भिड़ंत में 9 लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.

X
Babli Rautela

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. नेशनल हाईवे 730 पर तेज रफ्तार ट्रक और टाटा मैजिक वाहन के बीच हुई टक्कर में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी और चीख पुकार का माहौल बन गया. जानकारी के मुताबिक यह हादसा ईसानगर थाना क्षेत्र के ऊंचगांव और भरेहटा के बीच हुआ. बताया जा रहा है कि टाटा मैजिक वाहन में कई लोग सवार थे और सभी लखीमपुर से सिसैया की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कंट्रोल खो दिया और सीधे मैजिक वाहन से जा भिड़ा.

टाटा मैजिक के उड़ गए परखच्चे

वहीं मौजूद के अनुसार हादसा इतना भयानक था कि टाटा मैजिक के अगले हिस्से के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े. सड़क पर चीख पुकार मच गई और कई लोग वाहन में फंसे हुए दिखाई दिए. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. कुछ लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकालने की कोशिश की. कई शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे हुए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया.

मौके पर 9 लोगों की दर्दनाक मौत

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हादसे में 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है. डॉक्टरों की टीम घायलों की हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है. हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया. जैसे ही घटना की खबर गांव और आसपास के इलाकों में पहुंची, बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचने लगे. कई परिवार अपने परिजनों की तलाश में परेशान नजर आए. प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और ट्रक का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि ट्रक काफी तेज गति में था और अचानक सामने आने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया.

CM योगी ने जताया दुख 

सीएम योगी ने सड़क हादसे पर दुख जताते हुए लिखा, 'जनपद लखीमपुर खीरी में दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं.'