West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

कुंभ जाने वाले यात्री ट्रेन में नहीं चढ़ पाए तो दो रेलवे स्टेशनों पर पथराव किया

महाकुंभ के लिए जा रहे लोगों ने प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में बैठे यात्रियों द्वारा दरवाजे नहीं खोले जाने के कारण मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में दो रेलवे स्टेशनों पर पथराव किया.

Shilpa Srivastava

महाकुंभ के लिए जा रहे लोगों ने प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में बैठे यात्रियों द्वारा दरवाजे नहीं खोले जाने के कारण मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में दो रेलवे स्टेशनों पर पथराव किया. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. छतरपुर और हरपालपुर रेलवे स्टेशनों पर सोमवार रात हुए हंगामे के बाद अधिकारियों ने कहा कि, ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे और मांग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं.

सोशल मीडिया पर आए कुछ वीडियो में छतरपुर और हरपालपुर रेलवे स्टेशनों पर कुछ लोग नारेबाजी करते नजर आ रहे हैं. वीडियो क्लिप्स में कुछ लोगों को पत्थर फेंकते, ट्रेन के दरवाजों पर मारते और उन्हें जबरन खोलने की कोशिश करते हुए भी दिखाया गया है.

छतरपुर के एक यात्री आरके सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि वह उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के दौरान संगम में स्नान करने के लिए जा रहे थे लेकिन वह प्रयागराज जाने वाली ट्रेन के सभी दरवाजे और खिड़कियां बंद रहने के कारण उसमें सवार नहीं हो सके.

उन्होंने बताया कि लोगों के हंगामा करने के बाद राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवानों ने छतरपुर में ट्रेन के दरवाजे खोले. लेकिन ट्रेन में पहले से ही काफी भीड़ होने के कारण कई लोग उसमें चढ़ नहीं सके. झांसी रेलवे मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि छतरपुर और हरपालपुर रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन में चढ़ने को लेकर विवाद का मामला संज्ञान में आया है.

उन्होंने कहा कि ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए रेलवे प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करेगा. सिंह ने कहा कि प्रयागराज के लिए लगातार ट्रेनें चलाई जा रही हैं और जरूरत पड़ने पर मांग के अनुसार, विशेष ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं. उन्होंने कहा कि प्रशासन यात्रियों से सहयोग की उम्मीद रखता है.

(इस खबर को इंडिया डेली लाइव की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की हुई है)