खुले में पेशाब करने से रोकना पड़ा भारी! कानपुर में व्यापारी की पीट-पीटकर हत्या
कानपुर में सड़क पर पेशाब करने से रोकने पर हुए विवाद में ऑटो कारोबारी अमित गुप्ता पर हमला किया गया. दो दिन इलाज के बाद उनकी मौत हो गई, जबकि आरोपी अब तक फरार हैं.
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के कानपुर में मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद जानलेवा हमले में बदल गया. काकादेव इलाके में सड़क पर पेशाब करने से रोकने पर कुछ युवकों ने ऑटो कारोबारी अमित गुप्ता की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पिटाई कर दी. सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो दिन तक इलाज चला. इसके बाद अमित की मौत हो गई. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बावजूद पुलिस अभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है.
घटना शनिवार रात काकादेव थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. अमित गुप्ता अपनी बहन की मार्केट के सामने खड़े थे. इसी दौरान कुछ युवक कथित तौर पर सड़क पर पेशाब करने लगे. अमित ने उन्हें ऐसा करने से रोका. आरोप है कि युवकों ने विरोध से नाराज होकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.
लाठी-डंडों से हमला, सिर में लगी गंभीर चोट
परिजनों के मुताबिक, युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने अमित को सड़क पर गिराकर लाठी-डंडों से पीटा. हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई. हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों की निगरानी में करीब दो दिन तक उनका उपचार चला, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उनकी मौत हो गई.
Also Read
- UP में सरकारी डॉक्टरों को बड़ी राहत! 65 नहीं अब 70 साल तक कर सकेंगे मरीजों का इलाज
- बहू और नौकर के बीच चल रही थी चैटिंग, करोड़पति कारोबारी ससुर हत्याकांड में बड़ा ट्विस्ट; 49 डिलीट मैसेज में क्या था?
- आंगनवाडी कार्यकर्ताओं के लिए खुशखबरी, अक्टूबर से आएगी बढ़ी हुई सैलरी; जानें कितने रुपये तक का होगा फायदा
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
हमले से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें आरोपियों को अमित के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है. घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया. फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. हालांकि, घटना के करीब 72 घंटे बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
परिवार ने की जल्द गिरफ्तारी की मांग
अमित की पत्नी शालिनी गुप्ता और बहन शिवानी ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. परिजनों का कहना है कि घटना के बाद परिवार डर के माहौल में है. उन्हें अपने बच्चों की सुरक्षा की भी चिंता सता रही है. परिवार ने पुलिस से आरोपियों को जल्द पकड़ने और मामले में सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है.
पुलिस बोली, जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी
काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के अनुसार, पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर रही है. उनका कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. दूसरी ओर, अमित की मौत के बाद परिजनों में गुस्सा है और वे आरोपियों की गिरफ्तारी का इंतजार कर रहे हैं.