जेवर एयरपोर्ट की पहली फ्लाइट में बैठकर सीएम योगी से मिलेंगे 170 किसान, 20 महिलाएं भी हैं शामिल
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली उड़ान से जेवर के करीब 170 किसान और खेतिहर मजदूर, जिनमें 20 महिलाएं भी शामिल हैं. लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन करेंगे.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के विकास की दिशा में एक और ऐतिहासिक पल सोमवार को देखने को मिलेगा, जब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली उड़ान से जेवर क्षेत्र के किसान और खेतिहर मजदूर लखनऊ पहुंचेंगे. यह अवसर केवल एक हवाई यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि उन किसानों के सम्मान और योगदान का प्रतीक भी है, जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराई थी.
जानकारी के अनुसार करीब 170 किसानों और खेतिहर मजदूरों का एक प्रतिनिधिमंडल पहली उड़ान से लखनऊ जाएगा. इस दल में 20 महिला किसान भी शामिल होंगी. लखनऊ पहुंचने पर यह प्रतिनिधिमंडल योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेगा और उनका अभिनंदन करेगा.
किसानों के लिए क्यों है खास?
यह यात्रा किसानों के लिए बेहद भावनात्मक मानी जा रही है. जिन जमीनों पर कभी वे खेती और मजदूरी करते थे, आज उसी स्थान पर बने अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से वे पहली बार हवाई यात्रा करेंगे. इसे विकास में किसानों की भागीदारी और उनके योगदान के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है.
Also Read
प्रतिनिधिमंडल में शामिल किसानों का क्या है कहना?
प्रतिनिधिमंडल में शामिल किसानों का कहना है कि एयरपोर्ट परियोजना ने क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है. इससे रोजगार, निवेश और बुनियादी सुविधाओं के नए अवसर पैदा हुए हैं. ऐसे में पहली उड़ान का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है. किसानों का मानना है कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास का प्रतीक है.
क्या है यात्रा की विशेष बात?
इस यात्रा की एक विशेष बात यह भी है कि इसमें 20 महिला किसान शामिल होंगी. ग्रामीण परिवेश से आने वाली इन महिलाओं के लिए पहली बार विमान यात्रा करना एक नया अनुभव होगा. उनकी भागीदारी महिला सशक्तीकरण और विकास की मुख्यधारा में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को भी दर्शाती है. यह संदेश देगा कि प्रदेश के विकास में महिलाओं की भागीदारी को भी समान महत्व दिया जा रहा है.
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने क्या बताया?
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताया है. उन्होंने कहा कि यह केवल गौतमबुद्ध नगर ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है. उनके अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और संवेदनशीलता का नया मॉडल प्रस्तुत कर रहा है, जिसमें किसान केवल लाभार्थी नहीं बल्कि सम्मानित साझीदार हैं.
उन्होंने कहा कि जिन किसानों के पैरों में कभी खेत की मिट्टी लगती थी, आज वही किसान विमान की सीढ़ियां चढ़ेंगे. यह किसानों के आत्मसम्मान, विश्वास और प्रदेश के बदलते विकास की एक प्रेरणादायक तस्वीर है, जो विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.