रेल यात्रियों को बड़ी राहत, कानपुर और आगरा से कोलकाता के लिए चलेंगी चार स्पेशल ट्रेन; जानें नए स्टॉपेज

रेलवे ने कानपुर और आगरा से कोलकाता के लिए चार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों की शुरुआत की है, जिनका संचालन सितंबर तक होगा. इसके साथ ही मुरी एक्सप्रेस और महानंदा एक्सप्रेस को नए स्टॉपेज दिए गए हैं.

Pinterest
Km Jaya

कानपुर: रेल यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने कानपुर और आगरा से कोलकाता के बीच चार नई स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है. इन ट्रेनों का संचालन जुलाई से सितंबर तक साप्ताहिक आधार पर किया जाएगा. रेलवे का मानना है कि इससे कोलकाता रूट पर पहले से चल रही ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम होगा और लोगों को कन्फर्म टिकट मिलने में भी आसानी होगी. इन ट्रेनों के लिए आरक्षण शुरू कर दिया गया है. 

04157 कानपुर सेंट्रल कोलकाता स्पेशल ट्रेन हर मंगलवार 21 जुलाई से 29 सितंबर तक चलेगी. यह ट्रेन सुबह 8 बजे कानपुर सेंट्रल से रवाना होकर गोमो, धनबाद और आसनसोल होते हुए अगले दिन सुबह 4:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी. वापसी में 04158 कोलकाता कानपुर स्पेशल हर बुधवार 22 जुलाई से 30 सितंबर तक संचालित होगी. यह ट्रेन सुबह 7:25 बजे कोलकाता से चलकर अगले दिन रात 1:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी.

आगरा के यात्रियों को मिलेगी राहत?

आगरा से भी यात्रियों को राहत मिलेगी. 01911 आगरा कैंट कोलकाता स्पेशल हर गुरुवार 23 जुलाई से 24 सितंबर तक चलेगी. यह ट्रेन आगरा कैंट से दोपहर 3:40 बजे रवाना होकर रात 8:20 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी. यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद आगे बढ़ेगी और शुक्रवार सुबह 4:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी.


वापसी में 01912 कोलकाता आगरा स्पेशल हर शुक्रवार 24 जुलाई से 25 सितंबर तक चलेगी. यह ट्रेन सुबह 7:25 बजे कोलकाता से रवाना होकर शनिवार रात 1:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी और उसी दिन सुबह 8 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी.

कौन-कौन से हैं नए स्टॉपेज?

रेलवे ने कुछ ट्रेनों को नए स्टॉपेज भी दिए हैं. टाटानगर से चलने वाली मुरी एक्सप्रेस 20 और 21 जुलाई से मिर्जापुर जिले के लूसा स्टेशन पर दोनों दिशाओं में दो मिनट के लिए रुकेगी. वहीं अलीपुरद्वार से दिल्ली जाने वाली महानंदा एक्सप्रेस का भी 20 जुलाई से जलेसर रोड स्टेशन पर ठहराव शुरू किया जाएगा. इन स्टॉपेज के लिए यात्री 19 जुलाई से आरक्षण करा सकते हैं.

इधर, चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने कोलकाता मेल में यात्रा कर रहे दो यात्रियों के पास से 28 लाख रुपये नकद बरामद किए. अधिकारियों के अनुसार नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, जिसके बाद पूरी राशि आयकर विभाग को सौंप दी गई. मामले की जांच जारी है.