आगरा हत्याकांड में 45 दिन तक घर के बाथरूम में दफन रहा पति, राजमिस्त्री के बयान ने खोले कई अहम राज
आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड में रोज नए खुलासे हो रहे हैं. 45 दिन तक लापता बताए गए व्यक्ति का शव घर के बाथरूम के फर्श के नीचे मिला. अब उस राजमिस्त्री का बयान सामने आया है, जिसने हत्या के बाद बाथरूम का नया फर्श तैयार किया था. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है.
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में सामने आए एक दिल दहला देने वाले हत्याकांड ने सभी को हैरान कर दिया है. सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा को करीब 45 दिनों तक लापता बताया जाता रहा. परिजन, रिश्तेदार और पुलिस उनकी तलाश में जुटे रहे, जबकि घर के भीतर ही बाथरूम के फर्श के नीचे उनका शव दफन था.
सुरेंद्र 18 मई से लापता बताए गए थे और 26 मई को उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी. इस दौरान उनकी पत्नी रूबी लगातार यही कहती रही कि उनके पति घर छोड़कर चले गए हैं और जल्द लौट आएंगे. हालांकि जब जांच शुरू हुई तो सच्चाई कुछ और सामने आई.
फर्श टूटते ही सामने आया चौंकाने वाला सच
लंबे समय तक सुरेंद्र का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिवार को संदेह होने लगा. इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी के दौरान बाथरूम का फर्श तुड़वाया, जहां नीचे दफन सुरेंद्र शर्मा का शव बरामद हुआ. शव मिलने के बाद पुलिस ने पत्नी रूबी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफनाने की बात स्वीकार की है. हालांकि मामले की जांच अभी की जा रही है. इस मामले में अब उस राजमिस्त्री का बयान भी सामने आया है, जिसने घटना के बाद बाथरूम का नया फर्श बनाया था.
Also Read
- 'मुझे छूना भी मत, किसी और की हूं...' सुहागरात पर दुल्हन की बात सुन उड़ गए दूल्हे के होश, 3 दिन बाद हुआ असली खेल
- लखनऊ में BMW से 26 लाख रुपये बरामद, नकदी का हिसाब न देने पर आयकर विभाग की जांच शुरू
- 29 जुलाई तक भरना होगा गणना फॉर्म, दिल्ली से बाहर होने पर ऐसे करें करें ऑनलाइन आवेदन; जानें SIR से जुड़ी जरूरी बातें
राजमिस्त्री ने बताई पूरी कहानी
राजमिस्त्री रवि कुमार ने बताया कि उसका रूबी से पहले कोई परिचय नहीं था. रवि के मुताबिक, पहले दिन उसने काम करने से मना कर दिया था और अगले दिन घर पहुंचा. वहां उसने देखा कि रूबी खुद बाथरूम में मलबा डाल रही थी. उसने मजदूर लगाने की सलाह दी, लेकिन रूबी ने कहा कि वह यह काम स्वयं कर लेगी. इसके बाद उसने निर्माण सामग्री मंगवाई और बाथरूम का फर्श तैयार कराया.
महिला ने खुद कबूला अपना जुर्म
राजमिस्त्री के अनुसार, बाथरूम का आकार लगभग चार बाई छह फीट था. वहां पहले से बनी टॉयलेट सीट की ऊंचाई के अनुरूप नया फर्श तैयार किया गया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रूबी ने बताया कि उसने कथित रूप से खीर में 15 से 16 नींद की गोलियां मिलाकर अपने पति को खिलाईं. इसके बाद उनकी हत्या कर दी. अगले दिन उसने अपनी दोनों बेटियों और सास को जेठ के घर भेज दिया और शव को घसीटकर बाथरूम तक ले गई. पुलिस का कहना है कि शव को गड्ढा खोदकर दफनाया गया, फिर ऊपर मिट्टी डालकर जमीन समतल की गई और बाद में राजमिस्त्री बुलाकर पूरे बाथरूम में नया सीमेंट का फर्श बनवा दिया गया.