यूपी के फतेहपुर में खूनी वारदात, 7वीं क्लास के छात्र ने प्याज काटने वाले चाकू से किया क्लासमेट की मां का कत्ल

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में 7वीं कक्षा के एक नाबालिग छात्र ने अपनी ही कक्षा के एक अन्य छात्र की प्याज काटने वाले चाकू से हत्या कर दी. आरोपी ने महिला की गर्दन पर कई वार किये और फरार हो गया. महिला की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.

Sagar Bhardwaj

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में 7वीं कक्षा के एक नाबालिग छात्र ने अपनी ही कक्षा के एक अन्य छात्र की प्याज काटने वाले चाकू से हत्या कर दी. आरोपी ने महिला की गर्दन पर कई वार किये और फरार हो गया. महिला की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पहचान रानी देवी और आरोपी की पहचान प्रियांशु (14) के रूप में हुई है.

दोनों छात्रों में हुआ था झगड़ा
मामला फतेहपुर के बिंदकी के जाफरगंज थाना क्षेत्र के रमदिनवापुर गांव का है. ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कंपोजिट विद्यालय में मृतका के बेटे मोनू और प्रियांशु के बीच मारपीट हुई थी. छुट्टी के बाद मोनू घर चला गया और उसने अपनी मां को पूरी बात बताई. कुछ देर बाद जब प्रियांशु मोनू के घर के सामने से पूरी बेचने के लिए गुजरा तो मोनू की मां ने उससे मारपीट करने का कारण पूछा. इसी बात को लेकर दोनों में कहा सुनी हो गई और गुस्से में आकर प्रियांशु ने मोनू की मां की गर्दन पर चाकू से कई वार किए जिससे रानी देवी की मौके पर ही मौत हो गई. मौत के बाद घटना स्थल पर कोहराम मच गया, वहीं आरोपी मौका पाकर फरार हो गया.

मामली की जांच में जुटी पुलिस
अपर पुलिस अधीक्षक विजय शंकर मिश्र ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि रामदिनवापुर गांव में प्रियांशु निषाद ने गांव की ही महिला रानी देवी पत्नी राजेश निषाद को चाकू से मार दिया जिससे महिला की मौत हो गई. मृतिका का पुत्र व आरोपी विद्यालय में पढ़ते हैं जिनके बीच में गाली गलौज व कहा सुनी हुई थी. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है. आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.