श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को प्रस्तावित बैठक को लेकर अयोध्या में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. बैठक में भाग लेने के लिए कई ट्रस्ट सदस्य रामनगरी पहुंच चुके हैं, जबकि अन्य सदस्यों के देर रात अथवा बुधवार सुबह तक पहुंचने की संभावना है.
ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास की अध्यक्षता में होने वाली यह बैठक कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और संगठनात्मक फैसलों के लिहाज से अहम मानी जा रही है. ट्रस्ट के सदस्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, स्वामी विश्वप्रसन्नतीर्थ और युगपुरुष स्वामी परमानंद अयोध्या पहुंच चुके हैं.
मणिरामदास जी की छावनी में शाम चार बजे होने वाली बैठक से पहले तीन बजे विशेष बैठक आयोजित होगी. इसमें ट्रस्ट के रिक्त पदों को भरने के लिए नए सदस्यों के नामों पर विचार किया जाएगा. चंपत राय और अनिल मिश्र के त्यागपत्र तथा अयोध्या राज परिवार के पूर्व मुखिया बिमलेंद्रमोहन मिश्र के निधन के बाद खाली हुए तीन ट्रस्टी पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी किए जाने की संभावना है. इसके साथ ही ट्रस्ट के नए महासचिव के नाम पर भी सर्वसम्मति बनाने का प्रयास होगा. माना जा रहा है कि बैठक में संगठन को नई प्रशासनिक दिशा देने वाले कई फैसले लिए जा सकते हैं.
ट्रस्ट नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ा रहा है. इस पद के लिए देशभर से 5,500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनकी जांच तीन सदस्यीय चयन समिति कर रही है. सूत्रों के अनुसार, नियुक्ति की औपचारिक घोषणा 15 अगस्त के आसपास की जा सकती है. बुधवार की बैठक में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर भी प्रारंभिक चर्चा होने की संभावना है. हाल में सामने आई चढ़ावा चोरी की घटना के बाद ट्रस्ट मंदिर की व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठा रहा है.
बैठक में ऐसे उपायों पर विचार होगा, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके. गणना कक्ष में बदलाव, वित्तीय पारदर्शिता बढ़ाने और प्रबंधन प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी. बैठक के एजेंडे में ट्रस्ट की विभिन्न समितियों के पुनर्गठन का प्रस्ताव भी शामिल है. इसके अलावा रामलला की सेवा में लगे अर्चकों के दैनिक कार्यों की समीक्षा की जाएगी और मंदिर संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का आकलन किया जाएगा.