लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी और तेज धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. दिन के समय पड़ रही कड़ी धूप के साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और 24 जून तक हीटवेव जैसी स्थिति बनी रह सकती है.
राज्य में शनिवार से हवा का रुख पुरवा से बदलकर पछिया हो गया है. इसके चलते हवा में नमी तेजी से कम हुई और गर्मी का असर अधिक महसूस होने लगा. मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार तक आसमान साफ और शुष्क रहने की संभावना है. पछिया हवाओं के प्रभाव के कारण अगले एक सप्ताह तक अच्छी बारिश के संकेत नहीं दिख रहे हैं. हालांकि कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छा सकते हैं.
बंगाल की खाड़ी में मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ने का असर उत्तर प्रदेश पर भी दिखाई दे रहा है. इसी वजह से प्रदेश में सामान्य से कम बारिश दर्ज की जा रही है. पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई और यह सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शनिवार की रात इस सीजन की सबसे गर्म रात रही. रविवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शनिवार को यह 43 डिग्री सेल्सियस था. हालांकि दिन के तापमान में थोड़ी कमी आई, लेकिन रात का तापमान बढ़ गया. रविवार दोपहर कुछ इलाकों में मौसम ने हल्का करवट भी लिया. कई शहरी क्षेत्रों में धूल भरी आंधी चली और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी दर्ज की गई. इसके बावजूद गर्मी से राहत नहीं मिली.
विशेषज्ञों का कहना है कि 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रात का तापमान स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है. डॉक्टरों के अनुसार इससे किडनी, हृदय और फेफड़ों पर असर पड़ सकता है तथा गंभीर मामलों में मृत्यु का जोखिम भी बढ़ सकता है. नींद पूरी न होने से मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है, एकाग्रता कम होती है और रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ सकती है. बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.