Commonwealth Games 2026

यूपी में फिर बदलेगा मौसम, इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; IMD ने दी ये चेतावनी

उत्तर प्रदेश के 32 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पूर्वी यूपी के 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में यलो अलर्ट लागू है. चलिए जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.

Pinterest
Km Jaya

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बारिश के बाद मिली राहत अब धीरे-धीरे खत्म होती दिखाई दे रही है. प्रदेश के कई हिस्सों में उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ानी शुरू कर दी है. इस बीच मौसम विभाग ने सोमवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के 32 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. कुछ जिलों में तेज हवाओं और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है.

लखनऊ में कैसा रहा मौसम?

राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह मौसम साफ रहा और दिनभर धूप निकलने का अनुमान है. हालांकि बारिश की संभावना नहीं होने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नमी बढ़ने के कारण गर्मी का असर अधिक महसूस होगा.


अन्य जिलों में कैसा रहेगा मौसम?

वहीं वाराणसी, प्रयागराज और नोएडा में दिन के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. सुबह मौसम सामान्य रहने के बाद शाम तक बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. गाजियाबाद में भी आंशिक बादल छाए रहने और बाद में मौसम बदलने के संकेत हैं.

मौसम विभाग ने सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, संत कबीर नगर, गोरखपुर, बलिया, मऊ, गाजीपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.

इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, बागपत, हापुड़, शामली, सहारनपुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, झांसी, महोबा और ललितपुर समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में भी आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.

मौसम विभाग ने क्या बताया?

मौसम विभाग के अनुसार 20 जून तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रह सकता है. कहीं धूप तो कहीं हल्की बारिश की स्थिति बनी रहेगी. हालांकि अगले चार से पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. इसके चलते आने वाले दिनों में गर्मी और उमस दोनों बढ़ सकती हैं.