West Bengal Assembly Election 2026

शराब की बोतल पर QR कोड से पुलिस ने कैसे 48 घंटे में सुलझाई हत्या की गुत्थी

उत्तर प्रदेश में एक हत्या का मामला पुलिस ने 24 घंटे में सुलझा लिया. घटनास्थल पर मिली शराब की बोतल के QR कोड से पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया

X
Sagar Bhardwaj

उत्तर प्रदेश के आगरा के पास सामने आए एक सनसनीखेज हत्या मामले ने सबको चौंका दिया. एक व्यक्ति की अधजली लाश सड़क किनारे मिली, जिससे शुरुआत में मामला जटिल लग रहा था लेकिन पुलिस की सतर्कता और एक छोटी सी डिजिटल जानकारी ने पूरी कहानी बदल दी. शराब की बोतल पर छपा QR कोड इस केस की सबसे अहम कड़ी बना. इसी सुराग के सहारे पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस हत्या की गुत्थी सुलझा दी.

सड़क किनारे मिला अधजला शव

आगरा के पास सड़क किनारे एक अधजला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान लोकेन्द्र के रूप में हुई, जो 1 अप्रैल से लापता था. शव की हालत ऐसी थी कि पहचान करना मुश्किल हो रहा था, लेकिन शरीर पर बने टैटू से पुलिस ने उसकी पहचान सुनिश्चित की. इसके बाद मामले की जांच तेजी से शुरू की गई.

 QR कोड बना बड़ा सुराग

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल पर एक खाली शराब की बोतल मिली. इस बोतल पर लगे QR कोड को स्कैन किया गया, जिससे उस दुकान की जानकारी मिली जहां से इसे खरीदा गया था. यह छोटा सा सुराग केस का टर्निंग पॉइंट बन गया. पुलिस तुरंत दुकान तक पहुंची और वहां लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की.

कैमरे में कैद हुए आरोपी

CCTV फुटेज में लोकेन्द्र दो लोगों के साथ शराब खरीदते हुए दिखाई दिया. पुलिस ने इन दोनों की पहचान महेश और धर्मवीर के रूप में की. दोनों को हिरासत में लिया गया. पूछताछ के दौरान मामला धीरे-धीरे साफ होता गया. पुलिस को शक हुआ कि यह हत्या किसी निजी दुश्मनी का नतीजा है.

रिश्तों का जाल और साजिश

पूछताछ में महेश ने कथित तौर पर बताया कि उसका लोकेन्द्र की पत्नी के साथ संबंध था. लोकेन्द्र को इस रिश्ते की जानकारी मिल गई थी और उसने इसका विरोध किया था. इसके बावजूद दोनों का मिलना जारी रहा. पुलिस के अनुसार, इसी वजह से हत्या की साजिश रची गई. महेश ने अपने साथी धर्मवीर को भी इस योजना में शामिल कर लिया.

आरोप है कि दोनों ने लोकेन्द्र को शराब पीने के बहाने सुनसान जगह पर बुलाया. वहां शराब पीने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई. सबूत मिटाने के लिए शव को जलाने की कोशिश की गई लेकिन QR कोड और CCTV फुटेज ने साजिश का पर्दाफाश कर दिया. पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पत्नी, प्रेमी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया.