इटावा में डीजे की धुन पर थिरकते युवक की हार्ट अटैक से मौत, होली की खुशियां मातम में बदली
होली के उत्सव के बीच इटावा के नन्दगवां गांव में एक युवक की डीजे पर नाचते समय दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई. 29 वर्षीय राजकुमार की अचानक विदाई से परिवार में कोहराम मच गया है.
नई दिल्ली: रंगों के त्यौहार होली की उमंग बुधवार को लवेदी क्षेत्र के ग्राम नन्दगवां में अचानक मातम में बदल गई. जब गांव का एक युवा नाचते-गाते हुए मौत के आगोश में समा गया. 29 वर्षीय राजकुमार उर्फ टिंकू की इस तरह अचानक हुई मौत ने न केवल उसके परिवार को तोड़ दिया है. बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. खुशियों के बीच आई इस आपदा ने त्यौहार की चमक को फीका कर दिया है.
बुधवार को ग्राम नन्दगवां में होली के उपलक्ष्य में डीजे लगा हुआ था. गांव के युवा गानों पर थिरक रहे थे. राजकुमार उर्फ टिंकू भी बड़े उत्साह के साथ अपने साथियों के साथ होली गीतों पर डांस कर रहा था. तभी अचानक वह नाचते-नाचते लड़खड़ाया और बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा. उसे गिरता देख साथ नाच रहे लड़कों ने तुरंत संगीत बंद किया और उसे उठाने की कोशिश की. लेकिन उसकी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई.
अस्पताल में चिकित्सक ने किया मृत घोषित
राजकुमार की हालत देख घबराए परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत उठाकर बकेवर स्थित 50 शैय्या अस्पताल ले गए. वहां आपातकालीन कक्ष में तैनात चिकित्सक डॉ. तैय्यब ने युवक की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया. डॉक्टर के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत का कारण दिल का दौरा (हार्ट अटैक) प्रतीत हो रहा है. अस्पताल की दहलीज पर खड़ी टिंकू की पत्नी रागिनी और पिता प्रमोद यह खबर सुनते ही बदहवास हो गए.
मासूम बच्चों के सिर से उठा साया
राजकुमार अपने परिवार का इकलौता सहारा था और गांव में खेती-बाड़ी कर गुजारा करता था. उसकी मौत से उसकी पत्नी रागिनी और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. वह अपने पीछे सात साल का बेटा बंशू और मात्र दो साल की छोटी बेटी बंशिका को छोड़ गया है. इन मासूमों के सिर से पिता का साया उठने की खबर ने वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखों को नम कर दिया. चाचा बबलू भी इस सदमे से उबर नहीं पा रहे हैं.
मौके पर पहुंची पुलिस
टीम हादसे की सूचना मिलने के बाद बकेवर कस्बा इंचार्ज विनीत पांडेय. कांस्टेबल मनोज कुमार और राघव शर्मा भी अस्पताल पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को सांत्वना दी और घटना की जानकारी जुटाई. गांव के तमाम लोग भी अस्पताल पहुंच गए और राजकुमार के मिलनसार स्वभाव को याद करते हुए दुख प्रकट किया. पुलिस ने बताया कि त्यौहार के दौरान ऐसी अनहोनी की सूचना मिलना वास्तव में बेहद हृदयविदारक है.
और पढ़ें
- सर्जरी के बाद नहीं मिली छुट्टी तो लोको पायलट ने पैंट उतारकर दिखाए ऑपरेशन के घाव, जानें फिर क्या हुआ?
- यूट्यूबर सलीम वास्तविक पर हमले का दूसरा आरोपी भी एनकाउंटर में ढेर, 48 घंटों के अंदर दो सगे भाइयों का अंत
- संभल में पहली बार 68 तीर्थों पर एक साथ मनाई जाएगी होली, ड्रोन और 250 कैमरों की नजर में रहेगा पूरा शहर