उत्तर प्रदेश के इन जिलों में अगले 24 घंटे में झमाझम बारिश के आसार, 15 जिलों में यलो अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने वाला है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में कई इलाकों में बारिश का अनुमान जताया है. 15 जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम का मिजाज बदल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है.
पूर्वी तट पर बना मौसम तंत्र पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश तक पहुंच चुका है. इसके असर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. हालांकि, उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों में मानसून की गतिविधियां फिलहाल सीमित रहने का अनुमान है.
राजधानी लखनऊ में मौसम का हाल
राजधानी लखनऊ में सोमवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. कुछ समय के लिए बारिश या गरज के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं. मौसम विभाग ने लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है. इससे पहले रविवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री रहा. न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक दर्ज किया गया.रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहा. हालांकि कानपुर नगर, प्रयागराज और झांसी में हल्की बारिश दर्ज की गई. वाराणसी, गाजीपुर, सुल्तानपुर और फुर्सतगंज में भी 0.3 से 1 मिलीमीटर तक बारिश हुई.
Also Read
इन 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने बांदा, चित्रकूट, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुरादाबाद, बागपत, पीलीभीत, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है. इन इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. मुरादाबाद में अगले पांच दिनों के लिए किसी तरह का यलो या ऑरेंज अलर्ट नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार यहां बारिश की गतिविधियां काफी सीमित रह सकती हैं और केवल कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इस दौरान दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.