मेरठ: बागवानी शुरू करने वाले किसानों के लिए अच्छी खबर है. जिला उद्यान विभाग किसानों को निःशुल्क फलदार पौधे दे रहा है. इसमें जामुन, अमरूद, आम और कटहल जैसे लोकप्रिय फलों के पौधे शामिल हैं. जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत उद्यान विभाग 2 लाख 11 हजार फलदार पौधे लगाएगा.
इस अभियान का मकसद ज्यादा से ज्यादा किसानों को बागवानी की ओर प्रोत्साहित करना है. जो किसान बागवानी शुरू करना चाहते हैं, वे उद्यान विभाग से संपर्क करके आसानी से मुफ्त पौधे ले सकते हैं. अरुण कुमार ने कहा कि ये सभी पौधे मौसम के हिसाब से दिए जाएंगे. अभी मानसून का समय चल रहा है, जो पौधे लगाने के लिए बहुत अच्छा माना जाता है. बारिश में पौधों की जड़ें अच्छी तरह जमती हैं और तेजी से विकास होता है. इसलिए किसानों को इस मौके का फायदा उठाना चाहिए.
विभाग की ओर से मुख्य रूप से जामुन, अमरूद, आम और कटहल के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इनके अलावा अन्य फलदार पौधे भी किसानों की मांग के अनुसार दिए जा सकते हैं. ये पौधे अच्छी क्वालिटी के हैं और सही तरीके से विकसित किए गए हैं. मेरठ बागवानी के लिए जाना जाता है. यहां कई किसान सफलतापूर्वक आम के बाग लगा चुके हैं. उनके आम की मांग न सिर्फ देश में बल्कि विदेशों में भी है. ऐसे में नए किसान भी बागवानी के क्षेत्र में कदम रखकर अच्छी आय कमा सकते हैं. फलदार पौधे लगाने से एक तरफ पर्यावरण को फायदा होता है, दूसरी तरफ किसानों की आय भी बढ़ती है.
जो भी किसान इन पौधों का लाभ लेना चाहते हैं, उन्हें जिला उद्यान विभाग कार्यालय में संपर्क करना होगा. वहां जाकर अपना नाम, पता और जरूरत बतानी होगी. विभाग के अधिकारी किसानों को सही जानकारी और सलाह भी देंगे कि कौन से पौधे उनकी जमीन और मौसम के हिसाब से ज्यादा उपयुक्त हैं. उद्यान अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते विभाग से संपर्क करें क्योंकि पौधों की संख्या सीमित है. जितनी जल्दी संपर्क करेंगे, उतनी आसानी से अच्छे पौधे मिल सकेंगे.