menu-icon
India Daily

कूड़ेदान में डाली मिलावटी-एक्सपायर्ड मिठाई, वीडियो में देखें कैसे लूटने लगे लोग, जान की भी नहीं की परवाह

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मीनाक्षी रोड पर एक मिठाई दुकान पर छापा मारा. मिलावटी मिठाइयां जब्त की गईं, लेकिन इन्हें नष्ट करने की बजाय सड़क किनारे डस्टबिन में फेंक दिया गया.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
कूड़ेदान में डाली मिलावटी-एक्सपायर्ड मिठाई, वीडियो में देखें कैसे लूटने लगे लोग, जान की भी नहीं की परवाह
Courtesy: @SachinGuptaUP

नई दिल्ली: होलियों के मौके पर मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम यूपी में सक्रिय है, लेकिन हापुड़ से एक ऐसी घटना सामने आई है जो लोगों को हैरान कर रही है. विभाग ने मिठाई दुकान पर छापेमारी की और मिलावटी सामान पकड़ा, मगर नष्ट करने की सही प्रक्रिया अपनाने के बजाय उसे खुले में डस्टबिन में डाल दिया. नतीजा? आसपास के लोग उसी कूड़े से मिठाइयां उठाकर ले गए. सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो ने विभाग की लापरवाही को बेनकाब कर दिया है.

छापेमारी का पूरा घटनाक्रम

मीनाक्षी रोड पर स्थित एक मिठाई की दुकान पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अचानक छापा मारा. जांच में कई मिठाइयां मिलावटी और संदिग्ध पाई गईं. अधिकारियों ने इन्हें जब्त किया, लेकिन नियमों के मुताबिक गड्ढा खुदवाकर नष्ट करने की जगह सड़क किनारे के कूड़ेदान में डालवा दिया. यह कार्रवाई गुरुवार रात की बताई जा रही है. दुकान के आसपास खड़े कुछ लोग इस पूरे दृश्य को देखते रहे.लोगों की 

हैरतअंगेज हरकत

अधिकारियों के जाने के फौरन बाद आसपास के लोग डस्टबिन की ओर बढ़े. उन्होंने मिठाई के डिब्बे और पैकेट निकाले और खुशी-खुशी घर की ओर ले गए. यह सब एक मोबाइल में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग हैरान हैं कि स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानी गई चीजें कैसे लोग इस्तेमाल करने को तैयार हैं. इससे खाद्य सुरक्षा की गंभीरता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.

विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल

खाद्य सुरक्षा नियमों में साफ है कि मिलावटी खाद्य पदार्थों को पूरी तरह नष्ट किया जाए, जैसे गड्ढा खोदकर दबाना या जलाना. लेकिन यहां सिर्फ औपचारिकता निभाई गई. सोशल मीडिया यूजर्स इसे लापरवाही बता रहे हैं. कई ने टिप्पणी की कि ऐसे में मिलावट रोकने का अभियान कितना असरदार है. विभाग को अब इस मामले की जांच करनी होगी ताकि भविष्य में ऐसी गलती न हो.

पिलखुवा टोल पर बड़ी कार्रवाई

इसी बीच, विभाग ने पिलखुवा के छिजारसी टोल प्लाजा पर संभल से गाजियाबाद जा रही एक खेप पकड़ी. करीब 7 क्विंटल मिलावटी पनीर जब्त हुआ, जिसकी कीमत लगभग 1.75 लाख रुपये बताई गई. सहायक आयुक्त सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम ने जांच के बाद पनीर को मौके पर गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया. होली से पहले ऐसी कार्रवाइयां जारी हैं. हापुड़ में गुरूदेव मावा भंडार से भी सैंपल लिए गए हैं, जो लैब में जांच के लिए भेजे जा रहे हैं.