West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

Video: सावन के महीने में वेज थाली में मिली हड्डी! कस्टमर ने रेस्टॉरेंट में मचाया हंगामा, फिर CCTV ने खोल दी पोल

गोरखपुर के शास्त्री चौक स्थित 'बिरयानी बे' रेस्टोरेंट फिर विवादों में है. 31 जुलाई की रात कुछ युवकों ने वेज बिरयानी में हड्डी मिलने का आरोप लगाया, जिससे हंगामा मच गया. युवक ने इसे धार्मिक अपमान बताया, लेकिन बाद में वीडियो में साजिश की सच्चाई सामने आई.

X
Princy Sharma

Gorakhpur Biryani Bay: गोरखपुर के शास्त्री चौक स्थित मशहूर रेस्टोरेंट ‘बिरयानी बे’ एक बार फिर विवादों में घिर गया है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि वेज बिरयानी में हड्डी मिली है. यह वीडियो देख लोग भड़क गए और रेस्टोरेंट पर सवाल खड़े करने लगे. लेकिन जब असली कहानी सामने आई तो हर कोई हैरान रह गया.

यह मामला 31 जुलाई की रात का है. करीब 12 से 13 लोग रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे. कुछ ने वेज आर्डर किया तो कुछ ने नॉनवेज. खाना आते ही एक युवक ने हंगामा करना शुरू कर दिया और आरोप लगाया कि उसकी वेज बिरयानी में हड्डी मिली है. युवक ने इसे धर्म का अपमान बताया और कहा कि सावन के पवित्र महीने में ऐसा करना बहुत बड़ी साजिश है. इस आरोप के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया.

रेस्टोरेंट संचालक ने दी सफाई

हालांकि, रेस्टोरेंट संचालक रविकर सिंह ने शांतिपूर्वक सभी को समझाने की कोशिश की और साफ किया कि वेज और नॉनवेज व्यंजन पूरी तरह अलग-अलग बनाए जाते हैं. उन्होंने कहा कि हंगामा करने वाले युवक इसलिए ऐसा कर रहे हैं क्योंकि वे बिल नहीं देना चाहते थे. जब बात नहीं बनी तो पुलिस को बुलाया गया.

सीसीटीवी फुटेज में खुला राज

इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे मामले की सच्चाई उजागर कर दी. पुलिस के सामने रेस्टोरेंट संचालक ने सीसीटीवी फुटेज दिखाया, जिसमें साफ देखा गया कि एक युवक जानबूझकर नॉनवेज थाली से हड्डी उठाकर वेज खाने वाले दोस्त की प्लेट में डालता है. पूरा वीडियो वायरल हो चुका है और लोगों की आंखें खुल गई हैं.

रविकर सिंह ने कहा कि कुछ लोग रेस्टोरेंट की छवि खराब करना चाहते हैं. उन्होंने बताया कि वे जल्द ही पुलिस में लिखित शिकायत देंगे और उन लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे, जो झूठे आरोप लगाकर उनका नाम बदनाम कर रहे हैं.