यूपी: चलती ट्रेन की बोगी में भड़की भीषण आग, दिल दहला देने वाला वीडियो आया सामने

फिरोजाबाद में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर एक मालगाड़ी की बोगी में भीषण आग लग गई. चालक ने बोगी अलग कर बड़ा हादसा टाल दिया. आग बुझाने के प्रयास जारी हैं और रेल संचालन प्रभावित हुआ है.

X/@Sachingupta
Kanhaiya Kumar Jha

फिरोजाबाद: यूपी के फिरोजाबाद में बुधवार शाम डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर उस समय हड़कंप मच गया, जब रूपसपुर के निकट दौड़ रही एक मालगाड़ी की बोगी में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी बोगी को अपनी चपेट में ले लिया और दूर तक लपटें दिखाई देने लगीं.

घटना के दौरान चालक ने त्वरित निर्णय लेते हुए आग लगी बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया. चालक की सतर्कता और सूझबूझ के चलते आग को अन्य बोगियों तक फैलने से रोका जा सका, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.

मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं. आग की तीव्रता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है.


रेलवे और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे घटनास्थल पर

आग लगने की सूचना के बाद रेलवे अधिकारियों के साथ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.

एक व्यक्ति की मौत की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं

घटना के बाद एक व्यक्ति के जलने से मौत होने की चर्चा सामने आई है. हालांकि प्रशासन या रेलवे की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है.

रेल संचालन प्रभावित

इस हादसे के बाद डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. आग पर पूरी तरह काबू पाने और ट्रैक की सुरक्षा जांच के बाद ही यातायात बहाल किए जाने की संभावना है.