IPL 2026

बकरा हलाल होते देखा है क्या? पूछने के बाद मुस्लिम दोस्तों ने बकरीद पर हिंदू लड़के को चाकुओं से गोद डाला

गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक सत्रह वर्षीय हिंदू किशोर सूर्या चौहान की उसके ही पूर्व परिचितों ने चाकू मारकर हत्या कर दी. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार में एक नाबालिग लड़के की बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस खौफनाक वारदात को किसी अनजान लोगों ने नहीं, बल्कि मृतक के ही कुछ पुराने परिचित दोस्तों ने अंजाम दिया है. बकरीद त्योहार के माहौल के बीच हुई इस खूनी झड़प ने स्थानीय प्रशासन की नींद उड़ा दी है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है.

पुलिस की प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने अपनी पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए एक सोची-समझी साजिश रची थी. आरोपियों ने 28 मई की शाम को सूर्या को फोन करके चौधरी स्कूल के पास वाली एक सुनसान गली में मिलने के लिए राजी किया. जैसे ही सूर्या वहां पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे असद, नवाब, फरहान, आतिफ और सारिक समेत अन्य युवकों ने उसे चारों तरफ से दबोच लिया और धारदार चाकुओं से हमला कर दिया.

चश्मदीदों का हैरान करने वाला दावा

वारदात के समय घटना स्थल पर मौजूद कुछ चश्मदीद युवकों ने पुलिस के सामने एक हैरान कर देनेवाला खुलासा किया है. उनके मुताबिक चाकू निकालने से ठीक पहले हमलावर लड़कों ने सूर्या को डराते हुए कथित तौर पर पूछा कि क्या उसने कभी बकरे को हलाल होते हुए देखा है. यह कहते ही उन सभी ने पीड़ित पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए और उसे जमीन पर गिरा दिया.

लड़के ने अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपी हुए फरार

चीख-पुकार सुनकर सूर्या का भाई यश चौहान और उसकी मां उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े. हमलावर घायल युवक को तड़पता हुआ छोड़कर मौके से भाग निकले. परिवार के लोग खून से लथपथ सूर्या को तुरंत नोएडा के सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल लेकर गए. डॉक्टरों की एक पूरी टीम ने उसकी जान बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन घाव गहरे होने के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.

हिंदू संगठनों का फूटा गुस्सा

सूर्या की मौत की खबर जैसे ही खोड़ा इलाके में फैली, वैसे ही स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. माहौल बिगड़ता देख खोड़ा नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष रीना भाटी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के समर्थन में उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नामजद हत्यारों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए और उनके अवैध ठिकानों पर बुलडोजर चलाया जाए.

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने मोर्चा संभाल लिया है. उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार की लिखित शिकायत पर मुख्य आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. किसी भी तरह की सांप्रदायिक घटना को रोकने के लिए पूरे नवनीत विहार क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर फ्लैग मार्च किया जा रहा है.