गंगा दशहरा पर बदायूं में बड़ा हादसा हुआ, गंगा में डूबने से 5 की मौत; किशोरी लापता

गंगा दशहरा पर बदायूं के कछला और अटैना घाट पर बड़ा हादसा हो गया. गंगा स्नान के दौरान 12 लोग डूब गए, जिनमें 5 की मौत हो गई जबकि एक किशोरी अब भी लापता है.

Google
Dhiraj Kumar Dhillon

गंगा दशहरे के मौके पर सोमवार को बदायूं में दो बड़े हादसे हो गए. इन हादसों में कुल मिलाकर 12 लोग गंगा में डूब गए. जिनमें से पांच लोगों की मौत होने की सूचना है. ये सभी लोग गंगा स्नान करने पहुंचे थे. कई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पांचों के शव बरामद कर लिए गए हैं. हालांकि एक किशोरी अभी भी लापता है. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान छह लोगों को बचा लिया गया. दो अलग- अलग घाटों पर हादसे की सूचना पर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया. जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉनिटरिंग की. 

कछला घाट पर डूबे चार के शव मिले, किशोरी लापता

बदायूं में पहली घाट पर मुख्य स्नान का आयोजन होता है. गंगा दशहरा के मौके पर मुख्य घाट से करीब एक किमी दूर कछला घाट पर पहली घटना हुई. जहां हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र कानू गांव निवासी ओमवीर और उनका रिश्तेदार नेत्रपाल परिवार के साथ गंगा स्नान करने पहुंचे थे. स्नान करते समय ओमवीर को 16 वर्षीय बेटा नीलेश और नेत्रपाल के 17 वर्षीय बेटी शिखा गहरे पानी में चले गए.

भाई को बचाने के प्रयास में ओमवीर का बड़ा बेटा सर्वेश और श्यामवीर की पत्नी वर्षा भी डूबने लगे. गोताखोरों ने ओमवीर, सर्वेश और वर्षा को तो बचा लिया लेकिन नीलेश और शिखा को नहीं बचा पाए. नीलेश का शव बरामद हो गया है जब शिखा लापता है. हाथरस के ही मुढ़सान निवासी 20 वर्षीय रोहित, बदायूं के सिरसा गांव निवासी राजकुमार की भी स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई.

अटैना घाट पर 19 वर्षीय पिंटू की डूबने से मौत

इसके अलावा फिरोजाबाद निवासी अभिषेक पुत्र राजू, राजकुमार पुत्र प्रेमशंकर और एटा जिले के जलेसर निवासी करण पुत्र रामप्रकाश के अलावा मुढ़सान निवासी ऋतिक पुत्र भगवान सिंह और कासगंज के बंटू को गोताखोरों ने बचा लिया. अटैना घाट पर हुई इस घटना में मैनपुरी जिले के हुसैनपुर गांव निवासी 19 वर्षीय पिंटू पुत्र संतराम की डूबने से मौत हो गई.