जान बचाने पहुंचे... खुद बन गए हादसे का शिकार, इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्ट्री में लगी आग; रेस्क्यू के दौरान मलबे में दबे 5 फायरमैन 2 की मौत
ग्रेटर नोएडा के इकोटेक 3 स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्ट्री में लगी भीषण आग बुझाने के दौरान दीवार और लोहे का बीम गिरने से दो दमकलकर्मियों की मौत हो गई.
ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के इकोटेक 3 इंडस्ट्रियल एरिया में एक इलेक्ट्रॉनिक्स बनाने वाली फैक्ट्री में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. आग बुझाने के दौरान फैक्ट्री की एक साइड की दीवार और लोहे का बीम अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में पांच दमकलकर्मी आ गए. इस दर्दनाक घटना में दो दमकलकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने मंगलवार को इस घटना की पुष्टि की.
जानकारी के अनुसार आग 3 और 4 अगस्त की दरम्यानी रात ILGIM कंपनी में लगी, जहां इलेक्ट्रॉनिक चिप्स का निर्माण किया जाता है. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और करीब 10 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इसी दौरान रेस्क्यू अभियान के बीच हादसा हो गया.
दमकलकर्मी कैसे हुए घायल?
दमकल विभाग के अनुसार, आग बुझाने के दौरान फैक्ट्री की एक दीवार और भारी लोहे का बीम अचानक भरभराकर गिर गया. इसके नीचे पांच दमकलकर्मी दब गए. सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.
Also Read
घायलों की पहचान हेड कांस्टेबल चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव के रूप में हुई. अस्पताल में चिकित्सकों ने हेड कांस्टेबल चालक तीरथपाल सिंह और फायरमैन रोहित यादव को मृत घोषित कर दिया. बाकी तीन घायल दमकलकर्मियों की हालत स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं.
पुलिस उपायुक्त ने क्या बताया?
सेंट्रल नोएडा के पुलिस उपायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं. राहत और बचाव अभियान के दौरान भवन का एक हिस्सा ढह गया, जिससे यह दुखद हादसा हुआ.
आग लगने का क्या था कारण?
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी राज्य आपदा मोचन बल की टीम और अन्य संबंधित विभाग मौके पर मौजूद रहे. पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है. आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. विशेषज्ञ टीम फैक्ट्री की संरचना, सुरक्षा मानकों और आग लगने के संभावित कारणों की जांच कर रही है.
यह हादसा एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा और भवन सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े करता है. साथ ही ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले दमकलकर्मियों के साहस और समर्पण को भी याद दिलाता है. प्रशासन ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.