US Israel Iran War

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सोसायटी की 12वीं मंजिल में लगी भीषग आग, फ्लैट बना राख; देखें वीडियो

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ला रेजिडेंशिया सोसायटी के 12वीं मंजिल के एक फ्लैट में आग लग गई. शॉर्ट सर्किट से एसी का कंप्रेसर फटा, पूरा सामान जलकर खाक. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

X
Ashutosh Rai

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रविवार देर रात एक बार फिर आग का तांडव देखने को मिला. ला रेजिडेंशिया सोसायटी के टावर 21 के फ्लैट नंबर 1202 में अचानक आग लग गई. रात करीब 1 बजे यह हादसा हुआ. आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में पूरा फ्लैट उसकी चपेट में आ गया. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस हादसे में किसी के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ.

पड़ोसियों ने बेल बजाकर बताई आग की सूचना

इस फ्लैट में धीरेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं. उन्होंने बताया कि रात करीब 1 बजे उनकी नींद टूटी, तब तक बालकनी की तरफ से आग लग चुकी थी. असल में पड़ोसियों ने उनकी फ्लैट की बेल बजाकर उन्हें आग के बारे में बताया. पड़ोसियों ने देखा कि बालकनी से धुआं उठ रहा है और आग की लपटें निकल रही हैं. धीरेंद्र सिंह ने तुरंत परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला. फिर उन्होंने सोसायटी की मेंटेनेंस टीम को बुलाया, लेकिन वहां आग बुझाने के कोई उपकरण मौजूद नहीं थे. इसके बाद उन्होंने दमकल विभाग को सूचना दी.

शॉर्ट सर्किट से लगी आग

जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें रात 12:45 बजे आग लगने की सूचना मिली. मौके पर पहुंचने पर पता चला कि 12वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी थी. शुरू में वायरिंग में आग लगी, फिर वह एसी के कंप्रेसर तक पहुंच गई, जिससे कंप्रेसर फट गया. इसके बाद आग पूरे फ्लैट में फैल गई. हालांकि, परिवार वालों ने दावा किया कि उस वक्त एसी चालू नहीं था. अधिकारियों के अनुसार, तीन दमकल गाड़ियों ने मिलकर करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

फ्लैट का सारा सामान जलकर राख

इस आग में फ्लैट के अंदर रखा हुआ लगभग सब कुछ जल गया. बेड, सोफा, फ्रिज, एसी, टीवी और परिवार के कई मोबाइल फोन भी आग की भेंट चढ़ गए. धीरेंद्र सिंह के अनुसार, लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया. अच्छी बात यह रही कि परिवार के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल गए. पड़ोसियों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया. फिलहाल, पुलिस और दमकल विभाग ने मामला दर्ज कर लिया है और आग के सही कारणों की जांच की जा रही है. बताया जा रहा है कि बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट ही आग का मुख्य कारण था.

सोसायटी में अग्नि सुरक्षा उपकरणों की कमी उजागर

इस घटना ने एक बार फिर सोसायटियों में अग्नि सुरक्षा उपकरणों की कमी को उजागर किया है. जब आग लगी, तो मौके पर कोई अग्निशमन उपकरण मौजूद नहीं था. मेंटेनेंस टीम भी बिना किसी साधन के वहां पहुंची. अगर शुरुआत में ही आग पर काबू पाने का प्रयास किया जाता, तो शायद इतना बड़ा नुकसान नहीं होता. प्रशासन ने सोसायटी प्रबंधन से इस मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है. फिलहाल, घटना के बाद से सोसायटी के अन्य निवासियों में भी दहशत का माहौल है. अग्नि सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं.