Weather

'भाभी मां से कब मिलवाएंगे', सीने पर डिंपल यादव का टैटू गुदवाए समर्थक पहुंचा अखिलेश यादव के पास

आजमगढ़ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के काफिले को समर्थकों ने रोक लिया. इस दौरान एक युवक सीने पर डिंपल यादव का टैटू बनवाकर पहुंचा और अखिलेश को पुराना वादा याद दिला दिया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आजमगढ़ दौरे का एक दिलचस्प वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है. एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे अखिलेश यादव के काफिले को रास्ते में समर्थकों ने घेर लिया. इसी दौरान एक युवक अपने सीने पर मैनपुरी सांसद डिंपल यादव का टैटू बनवाकर उनके सामने पहुंच गया. युवक की अनोखी मांग और अखिलेश की प्रतिक्रिया ने पूरे माहौल को चर्चा में ला दिया.

बताया जा रहा है कि यह वीडियो कुछ दिन पुराना है. जब अखिलेश यादव अपने काफिले के साथ कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहे थे, तब बड़ी संख्या में समर्थक उनसे मिलने पहुंच गए. इनमें एक युवक सबसे अलग नजर आया. उसने अपनी शर्ट के बटन खोलकर सीने पर बना डिंपल यादव का टैटू दिखाया और सपा प्रमुख का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.

पुराना वादा दिलाया याद

युवक ने मुस्कुराते हुए अखिलेश यादव से कहा कि आपने भाभी मां से मिलवाने का वादा किया था, अब वह कब पूरा होगा. समर्थक की इस बात को सुनकर वहां मौजूद लोग भी हंस पड़े. अखिलेश यादव ने भी मुस्कुराते हुए उसकी बात सुनी और कुछ देर समर्थकों से बातचीत करने के बाद आगे बढ़ गए. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब साझा किया जा रहा है.


वीडियो पर आ रही प्रतिक्रियाएं

वायरल वीडियो को लेकर इंटरनेट पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ लोग इसे समर्थक की दीवानगी बता रहे हैं, तो कुछ इसे नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच खास रिश्ते का उदाहरण मान रहे हैं. वीडियो ने राजनीतिक माहौल से इतर एक हल्का और मानवीय पहलू भी लोगों के सामने रखा है.

राजनीतिक मुद्दों पर भी बोले अखिलेश

आजमगढ़ प्रवास के दौरान अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा. उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को जांच के लिए एसआईटी गठित करनी पड़ी. उनका आरोप था कि अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई है.

सरकार पर साधा निशाना

सपा प्रमुख ने पंचायत चुनावों में देरी, स्वास्थ्य सेवाओं, कानून व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता जैसे मुद्दों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जनता सभी परिस्थितियों को देख रही है और आने वाले समय में अपना फैसला सुनाएगी. उनके बयान के साथ-साथ समर्थक वाला वीडियो भी राजनीतिक और सामाजिक चर्चाओं का हिस्सा बना हुआ है.