प्रयागराज में दर्दनाक हादसा, कूलिंग चैंबर में धमाका होने से ढही कोल्ड स्टोरेज की इमारत; सपा के पूर्व विधायक का कनेक्शन आया सामने

प्रशासन के मुताबिक, हादसे की सूचना दोपहर करीब दो बजे के बीच मिली थी. जिला प्रशासन का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता बचाव कार्य को तेजी से पूरा करना है.

x
Anuj

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया. गंगापार के फाफामऊ क्षेत्र के चंदापुर इलाके में स्थित एक कोल्ड स्टोरेज अचानक भरभराकर ढह गया. घटना के समय वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी.

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया. मौके पर फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी तैनात की गई हैं. मलबा हटाने के लिए जेसीबी और बुलडोजर की मदद ली जा रही है. अब तक कई लोगों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि कुछ मजदूरों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है.

राहत बचाव का कार्य जारी

प्रशासन के मुताबिक, हादसे की सूचना दोपहर करीब दो बजे के बीच मिली थी. जिला प्रशासन का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता बचाव कार्य को तेजी से पूरा करना है, इसलिए हताहतों की सही संख्या अभी स्पष्ट नहीं की जा सकती. घटनास्थल के आसपास के रास्तों को बंद कर दिया गया है और यातायात को डायवर्ट किया गया है. 

कूलिंग चैंबर में जोरदार धमाका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब कोल्ड स्टोरेज के एक कूलिंग चैंबर में जोरदार धमाका हुआ. इसके बाद पूरी इमारत अचानक गिर गई. बताया जा रहा है कि उस समय करीब 100 से अधिक मजदूर वहां काम कर रहे थे. कई लोग किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल आए, लेकिन कुछ अंदर ही फंस गए.

अमोनिया गैस के रिसाव की आशंका

हादसे के बाद अमोनिया गैस के रिसाव की आशंका भी सामने आई है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है. सुरक्षा के लिहाज से आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया है. गैस के प्रभाव से करीब एक किलोमीटर के दायरे में दहशत का माहौल बना हुआ है, जिससे राहत कार्य में भी दिक्कतें आ रही हैं.

 सपा के पूर्व विधायक का कनेक्शन 

जानकारी के अनुसार, यह कोल्ड स्टोरेज समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अंसार अहमद से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर को हिरासत में ले लिया है. अधिकांश मजदूर बिहार के सासाराम क्षेत्र के बताए जा रहे हैं. फिलहाल राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है और प्रशासन हर संभव कोशिश कर रहा है कि मलबे में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.