दुपट्टा बना मौत का फंदा, टायर में फंसने से महिला की दर्दनाक मौत; सिर धर से हुआ अलग
यूपी के बिजनौर में दवाई लेने जा रही 50 वर्षीय महिला के साथ दर्दनाक हादसा हो गया. बाइक ठेली के एक्सल में दुपट्टा फंसने से वह सड़क पर गिर गईं. गर्दन में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई.
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया. शहर कोतवाली क्षेत्र में मुरादाबाद रोड पर एक महिला बाइक ठेली से अपने बेटे और रिश्तेदार के साथ दवाई लेने जा रही थीं. इसी दौरान उनका दुपट्टा ठेली के एक्सल में जा फंसा. वाहन के चलते ही दुपट्टा तेजी से खिंच गया और महिला सड़क पर जा गिरीं.
हादसा इतना अचानक हुआ कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला. गिरने के दौरान उनकी गर्दन में बेहद गंभीर चोट आई. परिजन और आसपास मौजूद लोग तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
दवाई लेने निकली थीं महिला
मृतका की पहचान हल्दौर थाना क्षेत्र के मोहल्ला खेड़ा निवासी बाबूराम की 50 वर्षीय पत्नी सुमन देवी के रूप में हुई है. बताया गया कि सुमन देवी अपने बेटे प्रशांत और रिश्तेदार रोहित के साथ बाइक ठेली पर बैठकर बिजनौर दवाई लेने आ रही थीं.पुलिस के अनुसार, मुरादाबाद रोड पर रूट्स इंटरनेशनल स्कूल के सामने पहुंचने के बाद यह हादसा हुआ. शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाइक ठेली का फट्टा टूटा हुआ था. इसी वजह से महिला का दुपट्टा एक्सल की चपेट में आ गया और देखते ही देखते वह उसमें लिपट गया.
Also Read
गले में गंभीर चोट से गई जान
हादसे की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि महिला की मौत गंभीर चोट लगने के कारण हुई है. मामले की जांच की जा रही है और हादसे की परिस्थितियों को भी देखा जा रहा है. इस दर्दनाक घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से प्रसारित हो रहा है. वीडियो में महिला बाइक ठेली पर दिखाई दे रही हैं, जबकि उनके सिर के हिस्से को कपड़े से ढका गया है. हादसे की भयावहता ने लोगों को झकझोर दिया है. घटना के बाद महिला के परिवार में मातम पसरा हुआ है.