यूपी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव, आराधना मिश्रा को बनाया प्रदेश अध्यक्ष, इमरान मसूद को सौंपी कार्यकारी अध्यक्ष की कमान

उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस ने बड़ा सांगठनिक फेरबदल करते हुए आराधना मिश्रा 'मोना' को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है.

X
Sagar Bhardwaj

उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस ने अपने संगठन को नए सिरे से मजबूत करने के लिए बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है. पार्टी आलाकमान ने 52 वर्षीय आराधना मिश्रा 'मोना' को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. वह अजय राय की जगह लेंगी. इसके साथ ही सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है.

कौन हैं आराधना मिश्रा 'मोना'?

आराधना मिश्रा 'मोना' प्रतापगढ़ जिले की ऐतिहासिक रामपुर खास विधानसभा सीट से लगातार तीन बार की विधायक हैं और अब तक यूपी विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल (CLP) की नेता के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही थीं. वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी हैं. उनके परिवार का रामपुर खास सीट पर पिछले 47 वर्षों से लगातार कब्जा रहा है.


पार्टी सूत्रों के मुताबिक, एक प्रमुख ब्राह्मण चेहरा होने और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ 'लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ' अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की वजह से कांग्रेस ने उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. पार्टी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व से राज्य में ब्राह्मण समुदाय के साथ-साथ महिला मतदाताओं में कांग्रेस का आधार मजबूत होगा.

संगठन में अन्य प्रमुख नियुक्तियां

कांग्रेस ने प्रदेश संगठन में जातिगत और क्षेत्रीय संतुलन साधने के लिए कई और अहम बदलाव किए हैं:

इमरान मसूद: सहारनपुर सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है.
वरिष्ठ उपाध्यक्ष: देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को यूपी कांग्रेस कमेटी का वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
विधायक दल के नेता: चौधरी वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल (CLP) का नया नेता नामित किया गया है.

विधानसभा चुनावों से पहले हुए इस बड़े फेरबदल से कांग्रेस ने यूपी में अपना खोया हुआ जनाधार वापस पाने और राज्य के सियासी समीकरणों को साधने की मजबूत कोशिश की है.