menu-icon
India Daily

MSME दिवस पर नोएडा से विकास को नई रफ्तार देंगे CM योगी, ₹2,479 करोड़ की 70 परियोजनाओं का होगा लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह अवसर प्रदेश की उद्यमशीलता, युवाओं की क्षमता और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को नई ऊर्जा देने वाला साबित होगा. उन्होंने लोगों से इस विकास यात्रा का सहभागी बनने का भी आह्वान किया.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
MSME दिवस पर नोएडा से विकास को नई रफ्तार देंगे CM योगी, ₹2,479 करोड़ की 70 परियोजनाओं का होगा लोकार्पण और शिलान्यास
Courtesy: ANI

लखनऊ: अंतरराष्ट्रीय MSME दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को नई गति देने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह अवसर प्रदेश की उद्यमशीलता, युवाओं की क्षमता और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को नई ऊर्जा देने वाला साबित होगा. उन्होंने लोगों से इस विकास यात्रा का सहभागी बनने का भी आह्वान किया.

मुख्यमंत्री ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि नोएडा के गौतमबुद्ध नगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कई विकास योजनाओं की शुरुआत की जाएगी. इस अवसर पर उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण की कर्टेन रेजर सेरेमनी भी आयोजित होगी. इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक और तकनीकी सहायता प्रदान की जाएगी.

लाभार्थियों को मिलेगा सीधा फायदा

कार्यक्रम के दौरान वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूल किट वितरित की जाएगी. वहीं MSME इकाइयों और तकनीकी उन्नयन योजना से जुड़े उद्यमियों को सब्सिडी चेक दिए जाएंगे. इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थियों को वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी, ताकि वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें.

उत्कृष्ट बैंकर्स का होगा सम्मान

मुख्यमंत्री ने बताया कि MSME क्षेत्र को मजबूत बनाने में अहम योगदान देने वाले बैंकर्स को भी इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा. सरकार का मानना है कि उद्योगों और वित्तीय संस्थानों के बेहतर समन्वय से नए उद्यमों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी.

₹2,479 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण नोएडा में ₹2,479 करोड़ की लागत वाली 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा. इनमें सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के नए मुख्य प्रशासनिक भवन का उद्घाटन भी शामिल है. इन परियोजनाओं से बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ औद्योगिक और शहरी विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.