गोरखपुर को मिलेगा विकास का बड़ा तोहफा, सीएम योगी कल देंगे 1248 करोड़ की योजनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान गोरखपुर को 1248.31 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे.

ANI
Shanu Sharma

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगामी गोरखपुर दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. मुख्यमंत्री दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान गोरखपुर को 1248.31 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे.

इन परियोजनाओं के माध्यम से खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून-व्यवस्था, पर्यटन, सड़क, जल निकासी और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है. जिला प्रशासन ने कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.

इन कार्यक्रमों में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बड़हलगंज ब्लॉक के महुआपार स्थित गांधी इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. यहां वह चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी करीब 300 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. पहले यह कार्यक्रम पकड़ी गांव में प्रस्तावित था, लेकिन हाल की बारिश के कारण वहां जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने से कार्यक्रम स्थल को बदलकर महुआपार कर दिया गया.


इन परियोजनाओं का होगा शुभारंभ

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है. जिलाधिकारी ने स्वयं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए. दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 148.87 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जबकि 799.44 करोड़ रुपये की 188 नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे.

इन योजनाओं का उद्देश्य शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाना और नागरिक सुविधाओं का विस्तार करना है. इस दौरान खेल सुविधाओं के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शैक्षणिक संस्थानों के उन्नयन तथा नगर विकास से जुड़ी अनेक योजनाओं को नई गति मिलेगी. प्रशासन का मानना है कि इन परियोजनाओं से गोरखपुर की पहचान एक आधुनिक और विकसित शहर के रूप में और मजबूत होगी.

इन प्रमुख परियोजनाओं का होगा लोकार्पण

मुख्यमंत्री जिन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, उनमें स्पोर्ट्स कॉलेज में 22.22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हॉकी पैवेलियन प्रमुख है. इसके अलावा 11.88 करोड़ रुपये की लागत से जिला कारागार में नई बैरकों का निर्माण, 7 करोड़ रुपये का बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल, पीएसी परिसर में 8.60 करोड़ रुपये की लागत से आवास निर्माण और रामगढ़ताल थाना भवन का निर्माण शामिल है. इसके साथ ही बाढ़ शरणालय, साइबर थाना भवन, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम का नवीनीकरण, एमएमएमयूटी से सिंघरिया तक नाला निर्माण तथा विभिन्न पार्कों और पोखरों के सौंदर्यीकरण जैसी परियोजनाएं भी जनता को समर्पित की जाएंगी.