Independence Day 2026

'हर घर पर शान से लहराए तिरंगा', CM योगी ने लखनऊ से शुरू की तिरंगा यात्रा

स्वतंत्रता दिवस से पहले उत्तर प्रदेश में भाजपा के ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान की शुरुआत हो गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ स्थित सरकारी आवास से यात्रा को हरी झंडी दिखाई.

ANI
Shanu Sharma

लखनऊ में रविवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकाली गई यात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंत्री, युवा, महिलाएं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए. स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों ने भी यात्रा में हिस्सा लिया.

यात्रा रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत अन्य नेताओं के साथ सेल्फी ली. इसके बाद हाथों में तिरंगा लेकर सभी लोग यात्रा में आगे बढ़े. इस दौरान भारत माता के जयकारों से माहौल देशभक्ति से भर गया. यात्रा का समापन हजरतगंज में लोकभवन के पास किया जाएगा.

घर-घर तिरंगा फहराने का संदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों के भीतर राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने का अवसर है. उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है. योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की सुविधा मिली है.


मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब लोगों को अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिए संघर्ष करना पड़ता था और यह विषय अदालत तक पहुंच गया था. आज देश के करीब 140 करोड़ लोगों को अपने घर पर राष्ट्रध्वज फहराने का अवसर मिला है. उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की.

15 अगस्त तक चलेगा अभियान

भाजपा की ओर से चलाया जा रहा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 15 अगस्त तक जारी रहेगा. इसके तहत प्रदेश के सभी मंडलों में 10, 11 और 12 अगस्त को तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी. 13 अगस्त को जिला मुख्यालयों और प्रदेश के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी.

वहीं, 14 अगस्त को विभाजन-विभीषिका स्मृति दिवस के तहत मौन जुलूस और संगोष्ठियों का आयोजन होगा. 13 से 15 अगस्त के बीच घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाएगा. भाजपा का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे प्रदेश में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का वातावरण तैयार करना है. अभियान के जरिए लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा.