पश्चिमी यूपी में बीजेपी की चुनावी तैयारी तेज, विकास का रोडमैप करेंगे पेश

सीएम योगी दो दिन अलीगढ़ और हाथरस में रहेंगे. सोमवार को अलीगढ़ के नुमाइश मैदान में जनसभा होगी, जबकि मंगलवार को हाथरस में कार्यक्रम रखा गया है. बीजेपी इस दौरे के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ब्रज क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है. 

Pinterest
Antima Pal

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार और मंगलवार को अलीगढ़ दौरे पर रहेंगे. यहां वे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और एक बड़ी जनसभा को संबोधित भी करेंगे. यह दौरा सिर्फ विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है.

सीएम योगी दो दिन अलीगढ़ और हाथरस में रहेंगे. सोमवार को अलीगढ़ के नुमाइश मैदान में जनसभा होगी, जबकि मंगलवार को हाथरस में कार्यक्रम रखा गया है. बीजेपी इस दौरे के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ब्रज क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है. 

2022 में मिली बड़ी कामयाबी

2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने अलीगढ़ जिले की सभी सात सीटों पर जीत हासिल की थी. हाथरस की तीन सीटों में से दो पर भी बीजेपी का कब्जा रहा. पार्टी अब इन्हीं सीटों को बरकरार रखने और और मजबूत करने की तैयारी में है. सियासी जानकारों का कहना है कि जीते हुए गढ़ को बचाए रखना चुनौती भरा काम है. 


मुख्यमंत्री योगी इसी लक्ष्य के साथ जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं. इस दौरे का मुख्य फोकस विकास कार्यों पर होगा. योगी आदित्यनाथ स्थानीय लोगों की समस्याएं समझेंगे, विकास की नई योजनाएं घोषित करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देंगे. अलीगढ़ की सियासी नब्ज को भांपने के बाद बीजेपी अपनी रणनीति और मजबूत करेगी.

योगी की बिसात, मोदी की धार

बीजेपी की रणनीति साफ है, पहले मुख्यमंत्री योगी विकास का रोडमैप पेश करेंगे, फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी अभियान को और तेज करेंगे. दोनों नेताओं की जोड़ी पश्चिमी यूपी में बीजेपी को मजबूत बनाने में पूरी ताकत झोंक रही है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश बीजेपी के लिए हमेशा से महत्वपूर्ण रहा है. यहां जातीय समीकरण बेहद संवेदनशील हैं. बीजेपी M-Y समीकरण को साधते हुए सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की कोशिश कर रही है. योगी का यह दौरा उसी व्यापक रणनीति का हिस्सा है. 

सत्ता विरोधी लहर को रोकने की तैयारी

अभी विधानसभा चुनाव में काफी समय है, लेकिन बीजेपी पहले से ही तैयारियों में जुट गई है. योगी आदित्यनाथ 18 घंटे अलीगढ़ में रहकर स्थानीय मुद्दों पर ध्यान देंगे. पार्टी चाहती है कि कोई भी नाराजगी या विरोधी लहर पनपने से पहले ही उसे रोका जाए. इस दौरे से बीजेपी कार्यकर्ताओं में नई जोश भरेगी.