US Israel Iran War Tamil Nadu Assembly Election 2026

'धूल चेहरे पर थी और मैं आईना साफ करता रहा...', CM योगी ने शायराना अंदाज में सपा पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि आठ वर्षों में छह करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और कानून-व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है.

Anuj

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की नीतियों ने प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचाया था. योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने बीते आठ वर्षों में छह करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है. 

विधानसभा में बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी और अन्य दलों के कार्यकाल में प्रदेश का माहौल असुरक्षित था. उनके अनुसार, उस दौर में बेटियां खुद को असहज महसूस करती थी और व्यापारी अपना कारोबार समेटने को मजबूर थे. उन्होंने कहा कि प्रदेश की छवि अचानक खराब नहीं हुई, बल्कि कुछ दलों के व्यवहार ने इसे प्रभावित किया.

सीएम योगी का शायराना अंजाद

मुख्यमंत्री ने विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए मशहूर शायर मिर्जा गालिब का शेर सुनाया 'उम्र भर मैं यही भूल करता रहा, धूल चेहरे पर थी और मैं आईना साफ करता रहा'. उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी कमियों को स्वीकारने के बजाय दूसरों को दोष देता रहा है. यह टिप्पणी सदन में काफी चर्चा का विषय बनी.

'छह करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए'

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नीति आयोग के आंकड़ों के आधार पर राज्य में छह करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका अर्थ यह नहीं है कि इन परिवारों को अन्य योजनाओं से वंचित किया जाएगा. राशन, स्वास्थ्य और अन्य सरकारी सुविधाएं पहले की तरह मिलती रहेंगी. उन्होंने इसे सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया.

राज्यपाल का संबोधन और आंकड़े

बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से हुई. अपने संबोधन में उन्होंने भी छह करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से बाहर आने की बात दोहराई. और साथ ही बताया कि 2025 के महाकुंभ में 65 करोड़ से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए, जबकि 2026 के माघ मेले में अब तक 21 करोड़ लोग प्रयागराज पहुंच चुके हैं.

सपा का तीखा हमला

समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है. उनका कहना था कि नौ लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया जा रहा है, जबकि पिछले बजट का 40 प्रतिशत से भी कम खर्च हुआ. सत्र 20 फरवरी तक चलेगा और 2026-27 का बजट 11 फरवरी को पेश किया गया.