'आप गीत गाते हैं... मैं बुलडोजर चलाता हूं', छत्तीसगढ़ के कलाकारों से मिलकर CM योगी ने दिया मजेदार जवाब
लखनऊ में स्वतंत्रता दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था और बुलडोजर कार्रवाई की तारीफ की.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का छत्तीसगढ़ से आए लोक कलाकारों के साथ बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लखनऊ में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था और बुलडोजर कार्रवाई की तारीफ की.
इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने खास अंदाज में जवाब दिया, जिसके बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं. 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ से आए लोक कलाकारों ने अपनी पारंपरिक लोक कला और नृत्य की प्रस्तुति दी.
Also Read
कार्यक्रम में क्या-क्या हुआ?
कार्यक्रम में देशभक्ति के साथ भारतीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिली. प्रस्तुति के बाद मुख्यमंत्री ने कलाकारों से बातचीत की और उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली.
इसी बातचीत के दौरान एक कलाकार ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की. कलाकार ने खास तौर पर यूपी में चर्चित बुलडोजर कार्रवाई का जिक्र किया. कलाकार की बात सुनकर मुख्यमंत्री योगी ने हल्के फुल्के अंदाज में जवाब दिया.
मुख्यमंत्री ने कलाकारों से क्या कहा?
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप गा सकते हैं तो गीत गाते हैं, मैं गा नहीं सकता तो बुरे लोगों पर बुलडोजर चलता हूं. मुख्यमंत्री के इस जवाब पर वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं. इस दौरान उन्होंने कला और कानून व्यवस्था में होने वाली कार्रवाई के बीच अपने अंदाज में तुलना की.
मुख्यमंत्री का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में मुख्यमंत्री कलाकारों के साथ सहज अंदाज में बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं. कार्यक्रम में लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों और मुख्यमंत्री के साथ उनके संवाद ने माहौल को खास बना दिया.
किन-किन लोगों को किया गया सम्मानित?
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले कलाकारों और विद्यार्थियों को सम्मानित किया. उन्होंने उनकी कला और प्रतिभा की सराहना की और देश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उनका अभिनंदन किया.
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीरें और जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लखनऊ के विधान भवन में आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों और कलाकारों को सरकारी आवास पर सम्मानित किया गया. इस कार्यक्रम में देश की विविध लोक संस्कृतियों और प्रतिभाओं की झलक देखने को मिली.