सम्मान से आत्मनिर्भरता तक... नारी शक्ति की नई उड़ान, सीएम योगी ने गिनाईं मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को नई मजबूती मिली है. चलिए जानते हैं आगे उन्होंने क्या कहा.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान महिलाओं के सशक्तिकरण और विकास को लेकर किए गए कार्यों की सराहना की है. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत की नारी शक्ति सम्मान, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के नए मुकाम तक पहुंची है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में "महिलाओं के विकास" से आगे बढ़कर "महिलाओं के नेतृत्व में विकास" की अवधारणा को मजबूती मिली है. यह परिवर्तन विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण शक्ति बनकर उभरा है. उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है.
Also Read
मुख्यमंत्री ने क्या बताया?
मुख्यमंत्री के अनुसार जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं ने करोड़ों महिलाओं को सुविधा, सुरक्षा और सम्मान से जोड़ने का कार्य किया है. इन योजनाओं के माध्यम से घर-घर स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता सुविधाएं और रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए, जिससे महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार आया है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन धन योजना,प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वयं सहायता समूहों के मजबूत नेटवर्क ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इन पहलों के जरिए महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं, आवास सुविधाओं और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा गया है.
'लखपति दीदी' के क्या-क्या हैं फायदे?
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से 'लखपति दीदी' अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पहल ने महिलाओं के आत्मविश्वास, उद्यमशीलता और आर्थिक सशक्तिकरण को नई पहचान दी है. इससे ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आय बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्राप्त हुए हैं.
सीएम ने महिलाओं को लेकर क्या कहा?
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज भारत की महिलाएं केवल परिवार की जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश की प्रगति और विकास की प्रेरक शक्ति बनकर उभरी हैं. रक्षा, अनुसंधान, विज्ञान, उद्यमशीलता, शिक्षा और विमानन जैसे क्षेत्रों में भारतीय महिलाएं नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं और वैश्विक स्तर पर देश का नाम रोशन कर रही हैं.
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि नारी शक्ति के उत्थान के ये 12 वर्ष महिलाओं को सशक्त बनाकर देश को मजबूत बनाने की प्रेरणादायक यात्रा के रूप में याद किए जाएंगे. उन्होंने विश्वास जताया कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.