आगरा में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला: पहले ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’, अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार बहुत जल्द सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों के लिए नई नीति लेकर आने वाली है. इस नीति के तहत निजी क्षेत्र को भी प्रोत्साहित किया जाएगा और मेडिकल कॉलेज तथा बड़े अस्पतालों के निर्माण में सरकार सहयोग करेगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आगरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में माफिया राज था, जबकि अब उत्तर प्रदेश विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों की सोच सीमित थी और वे प्रदेश में विकास के बजाय माफिया को बढ़ावा देती थीं. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले पूरे प्रदेश में केवल 17 मेडिकल कॉलेज संचालित थे, लेकिन आज राज्य सरकार के प्रयासों से प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले “वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया” की पहचान थी, जबकि अब “वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज” की दिशा में काम किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब दो एम्स भी संचालित हो रहे हैं, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं. सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर जिले में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने आगरा में यथार्थ हॉस्पिटल का उद्घाटन भी किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बहुत जल्द सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों के लिए नई नीति लेकर आने वाली है. इस नीति के तहत निजी क्षेत्र को भी प्रोत्साहित किया जाएगा और मेडिकल कॉलेज तथा बड़े अस्पतालों के निर्माण में सरकार सहयोग करेगी.
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ब्रज क्षेत्र के आरएसएस और भाजपा पदाधिकारियों की समन्वय बैठक में भी शामिल हुए. इस बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा और मंथन किया गया. मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया.