वाराणसी एयरपोर्ट से कई उड़ानों के संचालन में बदलाव, अकासा ने चार सेवाएं रोकीं, मुंबई रूट पर भी असर

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एक जुलाई से कई घरेलू उड़ानों के संचालन में बदलाव किया गया है. अकासा एयर ने चार उड़ानों का संचालन फिलहाल बंद कर दिया है, जबकि एअर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो ने भी कई रूटों पर अपनी सेवाओं में कटौती और आवृत्ति में बदलाव किया है.

X (@AviationAll_)
Shanu Sharma

वाराणसी से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए जुलाई की शुरुआत महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आई है. एक जुलाई से लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संचालित होने वाली कई घरेलू उड़ानों के समय और आवृत्ति में परिवर्तन किया गया है. 

मिलि जानकारी के मुताबिक कुछ एयरलाइंस ने चुनिंदा रूटों पर सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं, जबकि कुछ उड़ानों का संचालन अब सीमित दिनों में ही किया जाएगा. इन बदलावों का सीधा असर दिल्ली, मुंबई, नवी मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता की यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा.

अकासा एयर ने चार उड़ानों का संचालन किया बंद

नई व्यवस्था के तहत अकासा एयर ने फिलहाल वाराणसी से संचालित अपनी चार उड़ानों को स्थगित कर दिया है. इनमें वाराणसी-बेंगलुरु रूट की उड़ानें क्यूपी-1422, क्यूपी-1524 और क्यूपी-1424 शामिल हैं. इसके अलावा वाराणसी-नवी मुंबई रूट पर संचालित क्यूपी-2022 उड़ान का संचालन भी फिलहाल रोक दिया गया है.


इन सेवाओं के बंद होने से खासकर बेंगलुरु और नवी मुंबई जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों का सहारा लेना पड़ सकता है. एअर इंडिया एक्सप्रेस ने भी अपनी वाराणसी-मुंबई दैनिक सेवा में बदलाव किया है. एयरलाइन की उड़ान आईएक्स-2547 का संचालन एक जुलाई से फिलहाल बंद कर दिया गया है. इससे मुंबई की नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को अन्य एयरलाइंस या वैकल्पिक उड़ानों का विकल्प तलाशना होगा.

इंडिगो ने बदली कई उड़ानों की आवृत्ति

इंडिगो ने भी अपने उड़ान संचालन कार्यक्रम में बदलाव करते हुए तीन प्रमुख रूटों की आवृत्ति कम कर दी है. एयरलाइन की उड़ान संख्या 6ई-2215 अब वाराणसी से दिल्ली के लिए प्रतिदिन संचालित नहीं होगी. यह सेवा अब केवल बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को उपलब्ध रहेगी. वहीं उड़ान संख्या 6ई-5302 के जरिए वाराणसी से नवी मुंबई जाने वाले यात्रियों को अब केवल मंगलवार, बुधवार और शुक्रवार को ही उड़ान मिलेगी.

इसके अलावा वाराणसी-कोलकाता उड़ान 6ई-507 पूरे जुलाई महीने में प्रतिदिन उड़ान भरने के बजाय केवल 9, 21 और 31 जुलाई को ही संचालित की जाएगी. उड़ानों के संचालन में हुए इन बदलावों को देखते हुए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट, मोबाइल एप या ग्राहक सेवा के माध्यम से उड़ान की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें. इससे अंतिम समय में होने वाली असुविधा से बचा जा सकेगा.