आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि करीब 17 यात्री घायल हो गए. हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही अर्टिगा कार को जोरदार टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे खंती में पलट गई.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देवखरी गांव के पास सुबह करीब पांच बजे हुआ. अलीगढ़ जिले के खैरा क्षेत्र निवासी चालक मोहित स्लीपर बस में लगभग 85 यात्रियों को लेकर हरियाणा से बिहार की ओर जा रहा था. बताया जा रहा है कि बस करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लखनऊ की दिशा में बढ़ रही थी.
प्राथमिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते बस का संतुलन बिगड़ गया. अनियंत्रित बस पहले डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंची और फिर सामने से आ रही अर्टिगा कार से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस सड़क किनारे खंती में पलट गई. हादसे में अर्टिगा कार में सवार पांच लोगों की मौत हो गई.
मृतकों में एक पांच वर्षीय बालिका और 13 वर्षीय किशोरी भी शामिल हैं. बताया गया कि कार लखनऊ से आगरा की ओर जा रही थी. टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर उनकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं.
दुर्घटना में बस में यात्रा कर रहे लगभग 17 लोग घायल हुए हैं. राहत एवं बचाव कार्य के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. दुर्घटना के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया. बस में यात्रा कर रहे कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था. हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. अधिकारियों का कहना है कि चालक की चिकित्सकीय जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जाएगी.