menu-icon
India Daily

UP की बेटी ने BPSC में किया कमाल, असिस्टेंट कमिश्नर से अब बनेंगी SDM; श्रद्धा पांडेय बनीं स्टेट टॉपर

प्रतापगढ़ की श्रद्धा पांडेय ने बीपीएससी 70वीं परीक्षा में पहला स्थान हासिल कर लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं. पहले ही प्रयास में यूपीपीएससी पास करने के बाद अब उन्होंने बिहार की प्रतिष्ठित परीक्षा में टॉप कर एसडीएम बनने का सपना पूरा किया है.

babli
Edited By: Babli Rautela
UP की बेटी ने BPSC में किया कमाल, असिस्टेंट कमिश्नर से अब बनेंगी SDM; श्रद्धा पांडेय बनीं स्टेट टॉपर
Courtesy: Social Media

सफलता उन्हीं के कदम चूमती है जो अपने लक्ष्य के प्रति पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ आगे बढ़ते हैं. उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की रहने वाली श्रद्धा पांडेय ने इस बात को सच साबित कर दिखाया है. बिहार लोक सेवा आयोग की 70वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा में पहला स्थान हासिल कर उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है.

श्रद्धा पांडेय का सफर उन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सिविल सेवा में जाने का सपना देखते हैं. एक सामान्य परिवार से आने वाली श्रद्धा ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य पर पूरा फोकस बनाए रखा और आज बिहार की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में टॉप कर इतिहास रच दिया.

ग्रेजुएशन के बाद शुरू की थी तैयारी

श्रद्धा ने साल 2021 में इतिहास और इंग्लिश लिटरेचर विषयों के साथ ग्रेजुएशन पूरा किया था. पढ़ाई खत्म होते ही उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी. उनका लक्ष्य शुरू से ही प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज के लिए काम करना था. उन्होंने समय बर्बाद किए बिना पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ तैयारी जारी रखी.

पहले ही प्रयास में पास की थी यूपीपीएससी

श्रद्धा की सफलता की कहानी और भी खास इसलिए है क्योंकि उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास कर ली थी. यूपीपीएससी 2024 में उन्होंने ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 153वीं रैंक हासिल की थी. इसके बाद उन्हें असिस्टेंट कमिश्नर कमर्शियल टैक्स का पद मिला और वह वर्तमान में इसी पद पर कार्यरत हैं.

बीपीएससी में हासिल किया पहला स्थान

यूपीपीएससी में सफलता के बाद भी श्रद्धा ने अपने बड़े लक्ष्य को नहीं छोड़ा. उन्होंने बीपीएससी 70वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी जारी रखी. मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने कुल 593 अंक प्राप्त किए और राज्य में पहला स्थान हासिल किया. इस उपलब्धि के साथ उनका बिहार में एसडीएम बनना तय हो गया है.

लड़कियों ने भी दिखाया शानदार प्रदर्शन

इस बार बीपीएससी परीक्षा में महिला उम्मीदवारों का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा. टॉप 100 सफल अभ्यर्थियों में 45 महिलाएं शामिल हैं, जबकि टॉप 10 में पांच महिला उम्मीदवारों ने अपनी जगह बनाई. यह परिणाम महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सफलता की नई कहानी बयां करता है.

श्रद्धा पांडेय की सफलता यह साबित करती है कि मेहनत, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है. उनकी कहानी उन छात्रों के लिए प्रेरणा है जो सिविल सेवा जैसी कठिन परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं. आज श्रद्धा की उपलब्धि सिर्फ एक परीक्षा में टॉप करने की कहानी नहीं है, बल्कि यह उस जज्बे की मिसाल है जो बड़े सपनों को हकीकत में बदल देता है.