'मुझ पर भूत सवार था...', फ्लाइट लैंडिंग से पहले इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश पर यात्री ने बताया
इंडिगो की बेंगलुरु-वाराणसी फ्लाइट में एक यात्री ने लैंडिंग से पहले इमरजेंसी दरवाजा खोलने की कोशिश की. पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया.
वाराणसी: इंडिगो की एक फ्लाइट में माहौल तब डरावना हो गया, जब एक यात्री ने लैंडिंग से कुछ मिनट पहले इमरजेंसी एग्जिट दरवाजा खोलने की कोशिश की. बाद में उसने दावा किया कि उस पर 'भूत सवार था'. बेंगलुरु से वाराणसी जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E-185 बेंगलुरु से रात करीब 8:15 बजे रवाना हुई. यात्रियों में मोहम्मद अदनान नाम का एक आदमी भी था, जो उत्तर प्रदेश के मऊ जिले का रहने वाला है.
अधिकारियों ने बताया कि सफर शुरू होने के महज़ 15 मिनट बाद ही अदनान ने इमरजेंसी दरवाजे से छेड़छाड़ करने की कोशिश की. केबिन क्रू ने उसकी इस हरकत को देख लिया. अदनान ने कहा कि यह उससे गलती से हो गया था, जिसके बाद क्रू ने उसे चेतावनी दी कि वह दोबारा ऐसा न करे.
सफर के दौरान कैसा रहा अदनान का बर्ताव?
बाकी सफर के दौरान अदनान का बर्ताव सामान्य रहा. रात करीब 10:20 बजे जब विमान वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करने ही वाला था, तब उसने एक बार फिर इमरजेंसी एग्जिट दरवाजा खोलने की कोशिश की. अधिकारियों ने बताया कि क्रू से अलर्ट मिलने पर पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए लैंडिंग की कोशिश को रोक दिया.
कैसे हुई सुरक्षित लैंडिंग?
इसके बाद विमान को दोबारा ऊपर ले जाकर 'गो-अराउंड' किया गया और रात 10:35 बजे सुरक्षित लैंडिंग हुई. अधिकारियों ने बताया कि अदनान की हरकतों से यात्री काफी सहम गए थे. उन्होंने सुरक्षित लैंडिंग कराने के लिए क्रू का शुक्रिया अदा किया.
क्या लिया गया एक्शन?
नियमों के मुताबिक अदनान को तुरंत एयरलाइन के सुरक्षाकर्मियों और CISF यानी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के हवाले कर दिया गया. पुलिस को सूचना दी गई और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया.
पूछताछ में क्या आया सामने?
एयरपोर्ट पर सुरक्षाकर्मियों और पुलिस अधिकारियों की पूछताछ के दौरान अदनान ने शुरू में कहा कि उसे नहीं पता कि उसने ऐसा क्यों किया. बाद में उसने दावा किया कि उस पर भूत सवार था. पुलिस स्टेशन में हुई पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह गोवा में छुट्टियां बिताकर लौट रहा था और उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि जिस हैंडल को वह खींच रहा था, वह इमरजेंसी एग्जिट दरवाजे का हैंडल था.
पुलिस अधिकारी ने क्या बताया?
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'हमारी जांच जारी है और आरोपी से अभी भी पूछताछ की जा रही है. मऊ में रहने वाले उसके परिवार को सूचना दे दी गई है.
और पढ़ें
- बेटे की मौत के बाद क्या बहू को देना होगा सास-ससुर का गुजारा भत्ता? इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सुनाया फैसला
- गाजियाबाद स्थित तेल फैक्ट्री में भड़की भीषण आग, दूर से धुएं का गुबार देखकर दहशत में आए लोग
- 'मम्मी के पास जा रहा हूं', वीडियो बनाकर युवक ने की खुदकुशी, मंगेतर ने भी मौत को लगाया गले; क्या है पूरा मामला?