करंट से पिता-पुत्र की मौत पर फूटा BJP विधायक केतकी सिंह का गुस्सा, EXEN को घसीटकर लाईं घटनास्थल; वीडियो आया सामने

बलिया में खेत में गिरे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आकर पहले बेटे और फिर उसे बचाने पहुंचे पिता की मौत हो गई. घटना के बाद बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठे.

X/@cameraman_r
Kanhaiya Kumar Jha

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. खेत में गिरे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से पहले बेटे और फिर उसे बचाने पहुंचे पिता की मौत हो गई. घटना के बाद गांव में गुस्से का माहौल बन गया. स्थानीय विधायक केतकी सिंह मौके पर पहुंचीं और बिजली विभाग के अधिकारियों को लापरवाही के लिए फटकार लगाई. प्रशासन ने मामले की जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया.

बांसडीह थाना क्षेत्र के शाहपुरवा गांव में खेत में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार गिर गया. खेत में पानी भरा होने से करंट पूरे क्षेत्र में फैल गया. सबसे पहले राजेश यादव इसकी चपेट में आ गए. बेटे को बचाने पहुंचे उनके पिता जनार्दन यादव भी करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गए. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. जानकारी के अनुसार, परिवार में मां का पहले ही निधन हो चुका था. अब पिता और बेटे की मौत के बाद परिवार में केवल एक बेटी ही बची है. गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं.


घटनास्थल पर पहुंचीं विधायक केतकी सिंह

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक केतकी सिंह गांव पहुंचीं. उन्होंने बिजली विभाग के एक्सईएन पंकज भारती को मौके पर बुलाकर घटनास्थल दिखाया और कथित लापरवाही पर नाराजगी जताई. बाद में विधायक पीड़ित परिवार के घर भी पहुंचीं और परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया.

ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जताया विरोध

घटना के बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हुए और बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया. लोगों का आरोप था कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय रहते सुधार नहीं किया गया. ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम की मांग की.

मुआवजे और जांच का दिया आश्वासन

बिजली विभाग के एसी प्रदीप वर्मा ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी. यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.